खेल
एडिलेड में न सिर्फ सर्वोच्च, बल्कि न्यूनतम वनडे स्कोर भी ऑस्ट्रेलिया के ही नाम
jantaserishta.com
22 Oct 2025 10:02 AM IST

x
नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में 23 अक्टूबर को दूसरा वनडे मैच खेला जाना है। रोचक बात ये है कि इस मैदान पर न सिर्फ सर्वोच्च, बल्कि न्यूनतम वनडे स्कोर भी ऑस्ट्रेलिया के ही नाम है। आइए, इन मुकाबलों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
26 जनवरी 2017 को ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ एडिलेड में 7 विकेट खोकर 369 रन बनाए थे। यह इस मैदान पर सर्वोच्च वनडे स्कोर है। मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को डेविड वॉर्नर और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने 41.3 ओवरों में 284 रन की साझेदारी की। वॉर्नर 128 गेंदों में 179 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 5 छक्के और 19 चौके शामिल रहे।
वॉर्नर के आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया के विकेटों का पतझड़ लग गया। हालांकि, इस बीच बल्लेबाज तेजी से रन बटोरने की कोशिश में लगे रहे। ट्रेविस हेड ने 137 गेंदों में 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 128 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम से जुनैद खान और हसन अली ने 2-2 विकेट हासिल किए।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 49.1 ओवरों में 312 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए बाबर आजम ने 100, जबकि शरजील खान ने 79 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबला 57 रन से अपने नाम किया।
एडिलेड के मैदान पर न्यूनतम स्कोर का अनचाहा रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया के ही नाम है। 27 जनवरी 1986 को न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए 7 विकेट खोकर 276 रन बनाए। इस पारी में ब्रूस एडगर और जॉन राइट ने 61-61 रन की पारी खेली।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 26.3 ओवरों में महज 70 रन पर सिमट गई। डेविड बून (10) और वेन फिलिप्स (22) के अलावा, कोई अन्य ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। न्यूजीलैंड ने इस मैच में 206 रन के अंतर से जीत दर्ज की।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





