खेल

जापान में एशियाई खेलों का आगाज भारतीय दल ने बिखेरी चमक

nidhi
19 Sept 2026 4:11 PM IST
जापान में एशियाई खेलों का आगाज भारतीय दल ने बिखेरी चमक
x
जापान में तिरंगे के साथ आगे बढ़े मनु भाकर और पवन सहरावत
नागोया: जापान के आइची-नागोया में शनिवार, 19 सितंबर को 20वें एशियाई खेलों का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में हुए समारोह में भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत तिरंगा लेकर भारतीय दल के आगे चले। दोनों को उद्घाटन समारोह के लिए भारत का ध्वजवाहक बनाया गया था। समारोह की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं।
खिलाड़ियों की परेड के दौरान भारतीय दल ने स्टेडियम में प्रवेश किया तो मनु भाकर और पवन सहरावत सबसे आगे तिरंगा थामे नजर आए। भारत ने इन खेलों के लिए 36 खेलों में 503 खिलाड़ियों का दल उतारा है। उद्घाटन समारोह के साथ एशिया के इस बड़े बहु-खेल आयोजन की औपचारिक शुरुआत हुई।
मनु भाकर के लिए ध्वजवाहक बनना उनके करियर का एक और खास सम्मान है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह स्वतंत्र भारत की पहली ऐसी खिलाड़ी बनी थीं, जिन्होंने एक ही ओलंपिक संस्करण में दो पदक जीते। एशियाई खेलों में वह महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल, 25 मीटर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में हिस्सा लेने वाली हैं।
मनु भाकर ने ध्वजवाहक चुने जाने पर इसे गर्व और सम्मान का पल बताया। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी की जानकारी मिलने के बाद उन्हें अपने खेल करियर के शुरुआती दिनों की याद आ गई और यह सफर उनके लिए बेहद खास रहा है।
वहीं पवन सहरावत भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह पिछले एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इस बार उद्घाटन समारोह में पुरुष ध्वजवाहक के तौर पर शुरुआत में शॉट पुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर का नाम तय था, लेकिन आधिकारिक सेरेमोनियल किट समय पर उपलब्ध नहीं होने से उन्हें समारोह से हटना पड़ा। इसके बाद भारतीय ओलंपिक संघ ने पवन सहरावत को उनकी जगह ध्वजवाहक बनाया।
एशियाई खेलों में भारत की कोशिश अपने पिछले प्रदर्शन को और बेहतर करने की होगी। हांगझोऊ में हुए पिछले एशियाई खेलों में भारत ने रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे, जिनमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे।
उद्घाटन समारोह में मनु भाकर और पवन सहरावत का तिरंगे के साथ भारतीय खिलाड़ियों का नेतृत्व करना भारतीय खेल प्रशंसकों के लिए खास पल रहा। अब सभी की नजरें मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी हैं।
Next Story