खेल

भारत की झोली में एक और मेडल आया, हॉकी टीम ने जीता गोल्ड

jantaserishta.com
6 Oct 2023 5:38 PM IST
भारत की झोली में एक और मेडल आया, हॉकी टीम ने जीता गोल्ड
x
हांगझोउ: भारतीय हॉकी टीम ने हांगझोउ एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया है. फाइनल मुकाबले में भारत ने गत चैम्पियन जापान को 5-1 से हराया. भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सबसे ज्यादा दो गोल किए. वहीं मनप्रीत सिंह, अभिषेक और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल दागा. जापान की ओर से इकलौता गोल सेरेन तनाका ने किया. इस जीत के साथ ही भारत ने अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया है.
पहले क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हो पाया. लंबे इंतजार के बाद खेल के 25वें मिनट में भारत गोल करने में कामयाब रहा. भारत के लिए यह गोल मनप्रीत सिंह ने दागा. हाफटाइम के समय भारत 1-0 से आगे था. फिर तीसरे क्वार्टर में भारत ने दनादन दो गोल किए. 32वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर स्कोर किया. फिर चार मिनट बाद (36वें मिनट) अमित रोहिदास ने भी पेनल्टी कॉर्नर पर ही गोल दागा.
इसके बाद भारत ने चौथे क्वार्टर में भी दो गोल किए. पहले 48वें मिनट में अभिषेक ने शानदार फील्ड गोल दागा. हालांकि सेरेन तनाका ने 51वें मिनटर में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके स्कोर 4-1 कर दिया. फिर हरमनप्रीत ने 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर बेहतरीन गोल करके भारत को 5-1 की शानदार जीत दिला दी.
भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में चौथी बार स्वर्ण पदक जीता है. इससे पहले उसने 1966, 1998 और 2014 में स्वर्ण पदक जीता था. इसके अलावा भारतीय हॉकी टीम ने 9 रजत और 3 कांस्य भी जीते हैं. पूल चरण में भारत ने 58 गोल किए और सिर्फ 5 गंवाए. भारत ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया, लेकिन टीम लय में नहीं दिखी.जापान को पूल चरण में भारत ने 4-2 से हराया था. दोनों टीमों का 2013 के बाद 28 बार सामना हुआ है, जिसमें से 23 मैच भारत ने जीते. जबकि जापान ने तीन मैच जीते और दो मैच ड्रॉ रहे.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story