खेल
गजब संयोग: वही दिन, वही दो टीमें... पहले भी निर्णायक मैच में छूट चुका है अहम कैच
jantaserishta.com
14 Jun 2025 11:07 AM IST

x
नई दिल्ली: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल मुकाबले में एक गजब संयोग देखने को मिला। इस खिताबी मुकाबले के तीसरे दिन (13 जून) स्टीव स्मिथ से टेंबा बावुमा का अहम कैच छूट गया। स्मिथ से न सिर्फ कैच छूटा, बल्कि वह अपने दाएं हाथ की उंगली चोटिल भी करवा बैठे और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ गया।
इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए दक्षिण अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा ने अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने तीसरे दिन की समाप्ति तक एडेन मार्करम के साथ अटूट 143 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया है।
संयोग की बात है कि इससे ठीक 26 साल पहले 13 जून 1999 को भी दोनों देशों के बीच अहम मुकाबले में कुछ ऐसा ही देखने को मिला था। यह वनडे विश्व कप का मुकाबला था। हेडिंग्ले के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट खोकर 271 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका को इस विशाल स्कोर तक पहुंचाने में हर्शल गिब्स का अहम योगदान था, जिन्होंने 134 गेंदों में 101 रन की पारी खेली थी। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पर दबाव साफ तौर पर नजर आ रहा था। टीम ने 48 के स्कोर पर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद स्टीव वॉ ने रिकी पोंटिंग के साथ मिलकर टीम को संभालने की कोशिश की।
इसी बीच दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ का एक कैच टपका दिया। इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए स्टीव वॉ ने शतक जड़ा। वॉ ने 110 गेंदों में नाबाद 120 रन की पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया ने मैच पांच विकेट से अपने नाम कर लिया।
इसी विश्व कप सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का सामना एक बार फिर दक्षिण अफ्रीकी टीम से हुआ, लेकिन यह टाई रहा। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में प्रवेश किया। उसने खिताबी मैच में पाकिस्तान को आठ विकेट से रौंदकर विश्व कप खिताब अपने नाम कर लिया।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





