
Kolkataकोलकाता : कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान अजिंक्य रहाणे रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18वें संस्करण के 53वें मुकाबले में पूर्व बाएं हाथ के बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़कर नौवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। रहाणे ने 24 गेंदों पर 30 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और एक चौका शामिल था। इस पारी के साथ, दाएं हाथ के बल्लेबाज ने क्रिस गेल को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। आईपीएल के इतिहास में अब तक अजिंक्य रहाणे ने 181 पारियों में 124.72 के स्ट्राइक रेट और 30.48 के औसत से 33 अर्द्धशतक और दो शतकों की मदद से 4969 रन बनाए हैं। इस लीग में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105* है। दूसरी ओर, क्रिस गेल ने 2021 में संन्यास लेने से पहले 141 आईपीएल पारियों में 4965 रन बनाए हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने छह शतक और 31 अर्धशतकों की मदद से 148.96 की स्ट्राइक रेट और 39.72 की औसत से ये रन बनाए हैं।





