
स्पोर्ट्स:96 साल का इतिहास, 22 गोल्डन बूट विजेता; फीफा वर्ल्ड कप 2026 से पहले जानिए किसने रचा गोलों का इतिहास
फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है। इस बार 48 टीमें विश्व चैंपियन बनने के लिए मैदान में उतरेंगी। खिताब की दौड़ के साथ-साथ खिलाड़ियों के बीच गोल्डन बूट जीतने की भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। यह पुरस्कार टूर्नामेंट में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है और इसे विश्व कप के सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत सम्मानों में गिना जाता है।
विश्व कप इतिहास की बात करें तो पहला गोल्डन बूट 1930 में अर्जेंटीना के गिलेर्मो स्टाबिले ने 8 गोल के साथ जीता था। इसके बाद कई महान खिलाड़ियों ने इस सम्मान पर अपना नाम दर्ज कराया। 1954 में हंगरी के शांडोर कोचिस ने 11 गोल किए, जबकि 1958 में फ्रांस के जस्ट फोंटेन ने 13 गोल दागकर ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो आज भी कायम है। एक ही विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने का उनका रिकॉर्ड अब तक कोई खिलाड़ी नहीं तोड़ सका है।
1966 में पुर्तगाल के यूसेबियो ने 9 गोल किए, वहीं 1970 में पश्चिम जर्मनी के गर्ड मुलर ने 10 गोल कर गोल्डन बूट अपने नाम किया। 1982 में इटली के पाओलो रोसी, 1986 में इंग्लैंड के गैरी लिनेकर और 1990 में इटली के साल्वातोरे स्किलाची ने यह सम्मान हासिल किया। 1994 में रूस के ओलेग सालेंको और बुल्गारिया के ह्रिस्तो स्टोइचकोव संयुक्त रूप से विजेता रहे।
आधुनिक दौर में ब्राजील के रोनाल्डो ने 2002 में 8 गोल के साथ गोल्डन बूट जीता। इसके बाद जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजे, थॉमस मुलर, कोलंबिया के जेम्स रोड्रिगेज और इंग्लैंड के हैरी केन भी इस सूची में शामिल हुए। कतर में खेले गए 2022 विश्व कप में फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बाप्पे ने 8 गोल कर गोल्डन बूट जीता था। फाइनल में हैट्रिक लगाने के बावजूद फ्रांस खिताब नहीं जीत सका, लेकिन एम्बाप्पे ने व्यक्तिगत स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की।
अब सभी की नजरें फीफा वर्ल्ड कप 2026 पर हैं, जहां एम्बाप्पे लगातार दूसरी बार गोल्डन बूट जीतने के दावेदार माने जा रहे हैं। उनके अलावा हैरी केन, विनीसियस जूनियर, लामिन यामाल और अन्य स्टार खिलाड़ी भी इस पुरस्कार की दौड़ में शामिल रहेंगे। विश्व कप के नए संस्करण में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई खिलाड़ी जस्ट फोंटेन के 13 गोल के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को चुनौती दे पाता है या नहीं।





