विज्ञान

टाइप-2 डायबिटीज: दुनिया में 53.7 करोड़ एडल्ट्स इसके शिकार, ये है लक्षण

Rani Sahu
6 March 2022 6:17 PM GMT
टाइप-2 डायबिटीज: दुनिया में 53.7 करोड़ एडल्ट्स इसके शिकार, ये है लक्षण
x
टाइप-2 डायबिटीज एक सामान्य बीमारी है

टाइप-2 डायबिटीज एक सामान्य बीमारी है। इसमें मरीजों का ब्लड शुगर लेवल ज्यादा हो जाता है। इंटरनेशनल डायबिटीज फाउंडेशन के अनुसार, दुनिया में 53.7 करोड़ एडल्ट्स इस बीमारी के शिकार हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन की मानें तो साल 2019 में टाइप-2 डायबिटीज से 15 लाख लोगों की जान गई थी।

आइए जानते हैं उन लक्षणों के बारे में जो टाइप-2 डायबिटीज होने से पहले ही दिखना शुरू हो जाते हैं..
1. बार-बार पेशाब आना
यह डायबिटीज का मुख्य लक्षण है। जब आपका ब्लड शुगर लेवल ज्यादा होता है, तब किडनी ब्लड से ज्यादा शुगर फिल्टर करने की कोशिश करती है। इससे बार-बार पेशाब आ सकती है। यह खासकर रात में होता है।
2. प्यास बढ़ना
ज्यादा पेशाब के कारण शरीर को ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है। इसलिए मरीजों की प्यास बढ़ जाती है। कई मामलों में इससे लोगों को डीहाइड्रेशन होने लगता है।
3. भूख बढ़ना
टाइप-2 डायबिटीज का एक लक्षण ज्यादा भूख लगना भी है। इस बीमारी के मरीज जो भी खाना खाते हैं, उससे उन्हें पर्याप्त एनर्जी नहीं मिल पाती। हमारा पाचन तंत्र खाने को ग्लूकोज में तब्दील करता है, जो हमारे शरीर में ईंधन का काम करता है। पर डायबिटीज के मरीजों में यह ग्लूकोज खून से कोशिकाओं में बहुत काम मात्रा में पहुंचता है।
4. धुंधला दिखन
ब्लड में ज्यादा शुगर हमारी आंखों की नसों को डैमेज कर सकती हैं। इससे एक या दोनों आंखों में धुंधलापन आ सकता है। सही इलाज न होने पर मरीज हमेशा के लिए अंधा भी हो सकता है।
5. ज्यादा थकना
डायबिटीज के मरीज जल्दी थक जाते हैं। इसका कारण उनके शरीर में एनर्जी की कमी होना है।
6. घाव जल्दी न भरना
डायबिटीज होने पर घाव भरने में देर लगती है। ब्लड में ज्यादा शुगर नसों को डैमेज कर देती है, जिसके कारण ब्लड सर्कुलेशन भी खराब हो जाता है। छोटे-मोटे घाव को भरने में भी हफ्तों से महीने तक लग जाते हैं। इससे इन्फेक्शन का खतरा बढ़ता है।
7. खुजली या यीस्ट इन्फेक्शन होना
ब्लड में ज्यादा शुगर से यीस्ट को अपना खाना मिल जाता है, जिससे वह जिंदा रहता है। यीस्ट इन्फेक्शन प्राइवेट पार्ट, मुंह और आर्मपिट जैसी जगहों पर होता है। इसमें आपको बहुत ज्यादा खुजली का अनुभव हो सकता है।
8. अंग सुन्न हो जाना
ब्लड सर्कुलेशन अच्छा न होने के कारण पैर, हाथ बार-बार सुन्न हो सकते हैं। इस कंडीशन को न्यूरोपैथी कहते हैं। भविष्य में इससे गंभीर कॉम्प्लिकेशन्स भी हो सकते हैं।
9. त्वचा पर काले धब्बे
त्वचा पर काले धब्बे टाइप-2 डायबिटीज का एक लक्षण है। ये गले, आर्मपिट, प्राइवेट पार्ट आदि में हो सकते हैं। इस स्किन कंडीशन को अकन्थोसिस निगरिकन्स कहते हैं।
Next Story