विज्ञान

ब्लड प्रेशर कम करने के लिए, विशेषज्ञ ने बताया सबसे आसान उपाय

Shiddhant Shriwas
24 Oct 2021 1:17 PM GMT
ब्लड प्रेशर कम करने के लिए, विशेषज्ञ ने बताया सबसे आसान उपाय
x
शरीर के लिए रक्तचाप यानी की ब्लड प्रेशर में अनियमितता को कई गंभीर रोगों का कारण माना जाता रहा है

शरीर के लिए रक्तचाप यानी की ब्लड प्रेशर में अनियमितता को कई गंभीर रोगों का कारण माना जाता रहा है। इसमें भी ब्लड प्रेशर का बढ़ जाना, ज्यादा नुकसानदायक होता है। लंबे समय कर रहने वाली हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को हृदय, आंखों के साथ शरीर के संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए गंभीर माना जाता रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक उच्च रक्तचाप एक ऐसी स्थिति को संदर्भित करता है जिसमें धमनियों की दीवारों के खिलाफ रक्त का दबाब बहुत अधिक बढ़ जाता है। अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहती है तो इससे हृदय रोगों का जोखिम बहुत अधिक बढ़ जाता है।

कई अध्ययनों से पता चलता है कि हाई ब्लड प्रेशर के कारण स्ट्रोक, हार्ट अटैक जैसी गंभीर और घातक स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। अगर आपका ब्लड प्रेशर रीडिंग 140/90 है, तो इसे हाई ब्लड प्रेशर माना जाता है, इसका बढ़कर 180/120 तक पहुंच जाना गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है। इसी समस्या को कम करने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने एक ऐसे उपाय के बारे में बताया है जिससे कुछ ही मिनटों में ब्लड प्रेशर को कम किया जा सकता है। आइए इस बारे में आगे की स्लाइडों में विस्तार से जानते हैं।

समय के साथ बढ़ती जा रही है हाई ब्लड प्रेशर की समस्या

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जीवनशैली और आहार में उपयुक्त बदलाव करके हाई ब्लड प्रेशर से बचाव किया जा सकता है। समय के साथ अस्वास्थ्यकर आहार की आदतें और गतिहीन जीवनशैली के कारण कम उम्र में ही लोगों में इस तरह की समस्याएं तेजी से बढ़ती हुई देखी जा रही हैं। कम उम्र से ही अगर सावधानियां बरती जाएं तो इस गंभीर समस्या और इसके कारण होने वाली तमाम तरह की बीमारियों के खतरे से सुरक्षित रहा जा सकता है।

हाई ब्लड प्रेशर की स्थिति हो सकती है खतरनाक

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक 120/80 से कम की रीडिंग को सामान्य रक्तचाप माना जाता है। जीवनशैली और आहार संबंधी आदतों को बेहतर रखने के उपाय करके इसे नियंत्रित रखा जा सकता है। रक्तचाप के बहुत अधिक बढ़ जाने के कारण झटके आने, गंभीर चिंता, सीने में तेज दर्द, भ्रम के साथ सिरदर्द, धुंधला दिखाई देने और मतली या उल्टी की समस्या हो सकती है। लंबे समय तक रक्तचाप को बढ़े रहने के कारण हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है।

मिनटों में कम हो जाएगा रक्तचाप

नफिल्ड हेल्थ प्रिवेंटिव मेडिसिन के विशेषज्ञों के अनुसार हाई ब्लड प्रेशर को कुछ ही मिनटों में कम करने का एक सबसे असरदार तरीका है। वैज्ञानिकों ने बताया कि हाई ब्लड प्रेशर की स्थित में एक आसान से व्यायाम को करके रक्तचाप को आसानी से कम किया जा सकता है। विशेषज्ञ के अनुसार, आइसोमेट्रिक हैंडग्रिप स्ट्रॉन्गर्स व्याायम के माध्यम से कुछ ही क्षणों में रक्तचाप को नियंत्रित किया जा सकता है।

यह उपाय है सबसे कारगर

विशेषज्ञों के मुताबिक शांत अवस्था में बैठकर आइसोमेट्रिक हैंडग्रिप स्ट्रॉन्गर्स को दबाना सिस्टोलिक दबाव को कम करने में सहायक हो सकता है। अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि आठ सप्ताह तक रोजाना इस अभ्यास को करके रक्तचाप को 8 से 10 प्वाइंट तक कम किया जा सकता है। हालांकि, उच्च रक्तचाप के जोखिम से बचने के लिए इस अभ्यास को करने के साथ दवाइयों का सेवन भी आवश्यक होता है, इसलिए डॉक्टरों से सलाह जरूर ले लें।

Next Story