विज्ञान

इन जीवों की उम्र होती है सबसे ज्यादा, जानिए इनके बारे में

Shiddhant Shriwas
22 Sep 2021 12:05 PM GMT
इन जीवों की उम्र होती है सबसे ज्यादा, जानिए इनके बारे में
x
हमारी पृथ्वी पर ऐसे कई दुर्लभ जीव हैं, जो अपने अनोखेपन के कारण देश दुनिया में जाने जाते हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हमारी पृथ्वी पर ऐसे कई दुर्लभ जीव हैं, जो अपने अनोखेपन के कारण देश दुनिया में जाने जाते हैं। इनमें से कई प्रजातियों को वैज्ञानिकों के विशेष संरक्षण में रखा गया है। अमूमन देखने को मिलता है कि पानी के भीतर रहने वाले जीव अधिक समय तक जिंदा रहते हैं। इसी कड़ी में आइए जानते हैं धरती के उन जीवों के बारे में, जो सबसे ज्यादा समय तक रहते हैं जिंदा -

बोहेड व्हेल

बोहेड व्हेल ज्यादातर आर्क्टिक समुद्र और उसके आस-पास के क्षेत्रों में पाई जाती हैं। अगर व्हेल की इस प्रजाति का शिकार ना किया जाए तो ये आराम से 200 सालों तक जिंदा रह सकती हैं। बोहेड व्हेल की सबसे खास बात यह है कि इनके भीतर एक खास तरह का जीन (ERCC1) होता है। ये जीन शरीर के खराब हुए DNA को सुधारने में मदद करता है, जिसके चलते बोहेड व्हेल को कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी नहीं होती है।

कछुआ

ये हम सभी को पता है कि कछुआ काफी लंबे समय तक जिंदा रहता है। वैज्ञानिकों की मानें तो कछुओं की लंबी उम्र के पीछे का रहस्य उनके डीएनए स्ट्रक्चर में छिपा है। उनके जीन वेरिएंट लंबे समय तक सेल के भीतर डीएनए की मरम्मत करते हैं। इस कारण सेल की एंट्रोपी की समय सीमा काफी बढ़ जाती है। यही एक बड़ा कारण है, जिसके चलते कुछ कछुए 250 साल से भी अधिक जीवन जीते हैं। 256 साल तक जीवन जीने वाले अलडाबरा टोरटॉयज पर हुए एक रिसर्च में इस बात का पता चला कि अच्छे जीन वैरिएंट के कारण ही वह इतने लंबे समय तक जिंदा रह सका।

फ्रेशवॉटर पर्ल मसेल

फ्रेश वाटर पर्ल मसेल पानी के सबसे अनोखे जीव हैं। ये पानी के भीतर बारीक कणों को फिल्टर करके उससे अपना भोजन करते हैं। इनकी पाचन क्रिया बहुत ही धीमी होती है। यही एक मुख्य वजह है, जिसके चलते ये बहुत लंबे समय तक जिंदा रहते हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक अब तक का सबसे पुराना पर्ल मसेल करीब 280 साल का है।

ग्रीनलैंड शार्क

ये ज्यादातर आर्क्टिक सागर में पाई जाती हैं। ग्रीनलैंड शार्क की लंबाई एक साल में केवल 1 सेंटीमीटर बढ़ती है। ये काफी सुस्त मछली होती हैं। ये काफी धीमी गति से तैरती हैं। वैज्ञानिकों ने बताया है कि धीमी गति से तैरने की वजह से इनके शरीर से ऊर्जा की खपत कम होती है। इसी वजह से ग्रीनलैंड शार्क लंबे समय तक जिंदा रहती हैं। कुछ ग्रीन लैंड शार्क करीब 400 साल तक भी जिंदा रह सकती हैं।

हाइड्रा

हम में से कई लोगों ने हाइड्रा के बारे में किताबों में पढ़ा होगा। कई अध्ययनों के बाद भी वैज्ञानिक अब तक इसकी सही उम्र का अंदाजा नहीं लगा पाए हैं। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि ये अमर होते हैं। अगर इनको किसी प्रकार का चोट नहीं पहुंचाया जाए तो इनकी मृत्यु कभी नहीं होगी।

Next Story