विज्ञान

अंटार्कटिका में 107 साल पहले डूब गया था जहाज, आज भी है नए

Rani Sahu
10 March 2022 4:12 PM GMT
अंटार्कटिका में 107 साल पहले डूब गया था जहाज, आज भी है नए
x
अंटार्कटिका के तट पर एक जहाज करीब 107 साल पहले डूब गया था

त्बिलिसी : अंटार्कटिका के तट पर एक जहाज करीब 107 साल पहले डूब गया था। यह एचएमएस एंड्योरेंस जहाज ध्रुवीय खोजकर्ता अर्नेस्ट शेकलटन का था। अब इस जहाज का मलबा मिला है जो काफी अच्छी स्थिति में मौजूद है। 9842 फीट लंबा यह जहाज 1915 में वेडेल सागर में डूब गया था, जो फॉकलैंड द्वीप समूह के दक्षिण में अंटार्कटिका के उत्तरी तट के साथ दक्षिणी महासागर में एक पॉकेट है। फॉकलैंड्स मैरीटाइम हेरिटेज ट्रस्ट और हिस्ट्री हिट ने मिलकर इसकी खोज की है।

मिशन के अन्वेषण निदेशक (डायरेक्टर ऑफ एक्सप्लोरेशन) मेनसन बाउंड ने अपने बयान में कहा कि मैंने इससे बेहतरीन लकड़ी के जहाज का मलबा कभी नहीं देखा। यह बिल्कुल सीधा है, बरकरार है और संरक्षण की शानदार स्थिति में है। यह ध्रुवीय इतिहास में एक मील का पत्थर है। आयरिश-ब्रिटिश खोजकर्ता शेकलटन लंबे समय से दक्षिणी ध्रुव पर खोज कर रहे थे। उन्होंने इस इलाके में कुल चार खोजी अभियान चलाए थे।
बर्फ में फंसकर डूब गया जहाज
एंड्योरेंस जहाज 1914 में ब्रिटेन से चला था और एक साल की यात्रा के बाद यह अंटार्कटिका के मैकमुर्डो साउंड पर पहुंचा। इस यात्रा को इंपीरियल ट्रांस-अंटार्कटिक अभियान नाम दिया गया था। चरम परिस्थिति के चलते जहाज वेडेल सागर में मोटी और सख्त बर्फ के बीच फंस गया। जहाज पर सवार 28 लोग, जिसमें खुद शेकलटन भी शामिल थे, ने एंड्योरेंस को छोड़ दिया और उत्तर की ओर तैर रही बर्फ की सतह पर कैंप बनाए।
मिशन फेल होने के बाद भी जीत गई टीम
धीरे-धीरे टीम निर्जन ऐलीफेंट द्वीप पर पहुंच गई जहां से इन्हें रेस्क्यू कर लिया गया। यह अभियान असफल साबित हुआ लेकिन टीम के रेस्क्यू के कई महीनों बाद बिना किसी जनहानि के शेकलटन की लीडरशिप क्षमता को एक जीत के रूप में देखा गया। इसी तरह के एक और अभियान के दौरान 1922 में शेकलटन की 47 साल की उम्र में दक्षिण जॉर्जिया द्वीप पर मौत हो गई और उन्हें वहीं दफना दिया गया।
Next Story