विज्ञान

वैज्ञानिकों ने दी चेतावनी: 'शराब की बढ़ती लत के कारण युवाओं में इस गंभीर रोग की 'महामारी' आने का खतरा ज्यादा'

Kunti Dhruw
24 Aug 2021 3:02 PM GMT
वैज्ञानिकों ने दी चेतावनी: शराब की बढ़ती लत के कारण युवाओं में इस गंभीर रोग की महामारी आने का खतरा ज्यादा
x
युवाओं में तेजी से बढ़ रही शराब की लत को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ समय-समय सचेत करते रहते हैं।

युवाओं में तेजी से बढ़ रही शराब की लत को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ समय-समय सचेत करते रहते हैं। शराब का सेवन शरीर को गंभीर क्षति पहुंचा सकता है, इससे संबंधित कई गंभीर जटिलताओं के बारे में हम सभी जानते हैं। शराब के सेवन से शरीर क्या गंभीर नुकसान हो सकते हैं, इस बारे में अध्ययन कर रहे वैज्ञानिकों ने लोगों को हृदय रोगों के गंभीर खतरे के बारे में सचेत किया है। यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में किए गए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया है कि किशोरावस्था से लेकर युवावस्था तक शराब पीने की आदत के कारण धमनियों में गंभीर कठोरता की समस्या हो जाती है, जिसके चलते कम उम्र में ही लोगों में गंभीर हृदय रोगों का खतरा बढ़ सकता है।

अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि यह जानते हुए भी कि शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकता है, दुनिया की बड़ी आबादी इस लत की शिकार है। अध्ययन से स्पष्ट पता चलता है कि आप जितना शराब पीते हैं, धमनियों में कठोरता का खतरा उतना ही अधिक हो सकता है। आइए इस अध्ययन की महत्वपूर्ण बातों को आगे की स्लाइडों में जानते हैं।
हृदय के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है शराब
अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बताया है कि युवा और किशोरावस्था में शराब का अधिक सेवन करना हृदय के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। जैसे-जैसे लोगों की उम्र बढ़ती है, उनकी धमनियां स्वाभाविक रूप से सख्त और कम लचकदार होती जाती हैं। कठोर धमनियां हृदय रोग और स्ट्रोक के उच्च जोखिम से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में यदि आपमें कम उम्र में ही इस तरह की दिक्कते हों जाती हैं, तो उम्र बढ़ने के साथ यह समस्या बेहद गंभीर रूप ले सकती है। यही कारण है कि कम उम्र में ही लोगों को शराब पीने से रोकने की आवश्यकता है।
शराब के साथ धूम्रपान की आदत और भी खतरनाक
इस अध्ययन के लिए 17 से 24 साल की आयु वाले 1,655 प्रतिभागियों को शामिल किया गया था। अध्यन के दौरान इन प्रतिभागियों से यह भी जानने की कोशिश की गई कि वह तंबाकू उत्पादों का सेवन कितना करते हैं? तमाम स्तर पर किए गए जांच से पता चला कि बहुत अधिक धूम्रपान के साथ शराब सेवन करने वाले लोगों में धमनियों की कठोरता का खतरा, अन्य लोगों की तुलना में काफी अधिक हो सकता है। इतना ही नहीं विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं में यह समस्या अधिक होती है।
क्या कहते हैं वैज्ञानिक?
यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के शोधकर्ता और अध्ययन के प्रमुख लेखक ह्यूगो वालफोर्ड कहते हैं, शराब का अधिक सेवन किस तरह से धमनियों को क्षति पहुंचाने के साथ हृदय रोगों का खतरा बढ़ा सकता है, इस लेख में स्पष्ट पता चलता है। वहीं जिन लोगों में शराब के साथ-साथ धूम्रपान की भी लत है, उनमें खतरा और भी अधिक देखने को मिला है। युवा महिलाओं में इस खतरे को पुरुषों की तुलना में अधिक देखा गया है। भविष्य में हृदय रोगों के संभावित महामारी को रोकने के लिए युवाओं को इस आदत से बचाने की आवश्यकता है।
शराब के सेवन के हो सकते हैं दीर्घकालिक नुकसान
अध्ययनकर्ता ह्यूगो वालफोर्ड कहते हैं, सामान्यतौर पर स्टैंडर्ड मेंटेन करने के चक्कर में कम उम्र में ही शराब और धूम्रपान की चपेट में आ जाने वाले युवा, इससे होने वाले गंभीर खतरों से अनजान होते हैं। युवा, यह मान लेते हैं कि शराब पीने और धूम्रपान करने से दीर्घकालिक नुकसान नहीं होता है, हालांकि इस अध्ययन के परिणाम बताते हैं कि कम उम्र में ही धमनियों को होने वाले नुकसान से आगे चलकर गंभीर हृदय रोग और इससे मौत का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि यदि समय रहते इस आदत से छुटकारा पा लिया जाए तो इस तरह के गंभीर खतरे को कम किया जा सकता है।
Next Story