विज्ञान

NASA: अंतरिक्ष यान के लाए गए नमूनों की मदद से 4.5 अरब साल पुराने सौरमंडल की उत्पत्ति के खुलेंगे राज

Shubhra Nandy
22 Oct 2020 6:38 PM IST
NASA: अंतरिक्ष यान के लाए गए नमूनों की मदद से 4.5 अरब साल पुराने सौरमंडल की उत्पत्ति के खुलेंगे राज
x
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के ओसीरिस-रेक्स अंतरिक्ष यान ने ऐस्ट्रायड (छुद्रग्रह) बेनू के नमूने एकत्रित कर लिये हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क| केप केनवरल (अमेरिका)

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के ओसीरिस-रेक्स अंतरिक्ष यान ने ऐस्ट्रायड (छुद्रग्रह) बेनू के नमूने एकत्रित कर लिये हैं। वैज्ञानिकों ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यान के ग्रह की चट्टानों को छूने के बाद धूल उड़ी है, जिससे इस बात के पुख्ता संकेत मिले हैं कि उसने ग्रह के नमूने एकत्रित कर लिए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नासा को उम्मीद है कि अंतरिक्ष यान के लाए गए नमूनों की मदद से 4.5 अरब साल पुराने सौरमंडल की उत्पत्ति के राज खुलेंगे। माना जाता है कि ग्रहों की उत्पत्ति भी सौरमंडल के साथ हुई थी। वैज्ञानिकों को अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यान ने बेनू से कितने नमूने एकत्रित किये हैं। हालांकि मंगलवार को हुए उस अभियान की तस्वीरों और वीडियो को करीब से देखने के बाद वैज्ञानिकों ने उम्मीद जतायी है कि उन्होंने जितने नमूने एकत्रित करने का लक्ष्य रखा था, उसे हासिल कर लिया गया है।

टस्कन की यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के प्रमुख वैज्ञानिक डेंटे लॉरेटा ने कहा, 'हमने इस छुद्र ग्रह की सतह से काफी नमूने एकत्रित कर लिये हैं। ये नमूने पर्याप्त हैं। हम इतने ही नमूने एकत्रित करने की उम्मीद कर रहे थे।' छुद्र ग्रहों के नमूने एकत्रित करने का अमेरिका का यह पहला प्रयास है। ओसीरिस-रेक्स अंतरिक्ष यान को चार साल पहले केप केनवरल से प्रक्षेपित किया गया था। दो साल पहले यह बेनू छुद्र ग्रह पहुंच गया था। इससे पहले जापान दो बार छुद्र ग्रह के नमूने एकत्रित कर चुका है। यह अंतरिक्षयान तीन साल बाद यानी सितंबर 2023 में धरती पर वापस लौटेगा।

Next Story