विज्ञान

10 गुना तेजी से पिघल रहे हिमालय के ग्लेशियर, बढ़ा समुद्र का जलस्तर, करोड़ों भारतियों पर मंडरा रहा पानी का संकट

Rani Sahu
21 Dec 2021 5:34 PM GMT
10 गुना तेजी से पिघल रहे हिमालय के ग्लेशियर, बढ़ा समुद्र का जलस्तर, करोड़ों भारतियों पर मंडरा रहा पानी का संकट
x
'तीसरा ध्रुव' नाम से जाना जाने वाला हिमालय अंटार्कटिका और आर्कटिक के बाद ग्‍लेशियर बर्फ का तीसरा सबसे बड़ा सोर्स है

'तीसरा ध्रुव' नाम से जाना जाने वाला हिमालय अंटार्कटिका और आर्कटिक के बाद ग्‍लेशियर बर्फ का तीसरा सबसे बड़ा सोर्स है। पर ग्लोबल वार्मिंग की वजह से इसके ग्लेशियर असाधारण गति से पिघल रहे हैं। साइन्स जर्नल साइंटिफिक रिपोर्ट्स में प्रकाशित हुई एक हालिया रिसर्च के मुताबिक, इससे एशिया में गंगा, ब्रह्मपुत्र और सिंधु नदी के किनारे रहने वाले करोड़ों भारतियों पर पानी का संकट आ सकता है।

वैज्ञानिकों का कहना है कि 400 से 700 साल पहले के मुकाबले पिछले कुछ दशकों में हिमालय के ग्लेशियर 10 गुना तेजी से पिघले हैं। यह गतिविधि साल 2000 के बाद ज्यादा बढ़ी है।
बर्फ पिघलने की रफ्तार 'लिटल आइस एज' की तुलना में 10 गुना ज्यादा
ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के अनुसार, आज हिमालय से बर्फ के पिघलने की गति 'लिटल आइस एज' के वक्त से औसतन 10 गुना ज्यादा है। लिटल आइस एज का काल 16वी से 19वी सदी के बीच का था। इस दौरान बड़े पहाड़ी ग्लेशियर का विस्तार हुआ था। वैज्ञानिकों की मानें, तो हिमालय के ग्लेशियर दूसरे ग्लेशियर के मुकाबले ज्यादा तेजी से पिघल रहे हैं।
वैज्ञानिकों की टीम ने लिटल आइस एज के दौरान हिमालय की स्थिति का पुनर्निर्माण किया। उन्होने 14,798 ग्लेशियर की बर्फ की सतहों और आकार को सैटिलाइट की तस्वीरों से जांचा। इससे पता चला कि आज हिमालय के ग्लेशियर अपना 40% हिस्सा खो चुके हैं। इनका दायरा 28,000 वर्ग किलोमीटर से घटकर 19,600 वर्ग किलोमीटर पहुंच गया है।
विश्व भर में बढ़ा समुद्र का जलस्तर
रिसर्च में शोधकर्ताओं ने पाया कि अब तक हिमालय में 390 से 580 वर्ग किलोमीटर बर्फ पिघल चुकी है। इस कारण समुद्र का जलस्तर 0.03 से 0.05 इंच तक बढ़ गया है। इसके अलावा, बर्फ हिमालय के पूर्वी इलाकों की तरफ ज्यादा तेजी से पिघल रही है। यह क्षेत्र पूर्वी नेपाल से भूटान के उत्‍तर तक फैला हुआ है।
बूंद-बूंद पानी को तरसेंगे करोड़ों लोग
शोध में वैज्ञानिकों ने माना है कि हिमालय के ग्लेशियर पिघलने का कारण मानव प्रेरित क्लाइमेट चेंज है। इससे जहां समुद्र में पानी बढ़ रहा है, वहीं इंसानों के इस्तेमाल में आने वाला पानी कम होता जा रहा है। शोधकर्ताओं के अनुसार, आने वाले समय में करोड़ों लोगों को पानी, खाना और ऊर्जा की कमी हो सकती है। इसका खतरा उनको ज्यादा है जो एशिया में गंगा, ब्रह्मपुत्र और सिंधु नदी के किनारे रहते हैं।
Next Story