विज्ञान

चिली में मिला 13 करोड़ साल पुराने गर्भवती समुद्री जीव का जीवाश्म, पेट में कई बच्चे

Rani Sahu
11 May 2022 5:32 PM GMT
चिली में मिला 13 करोड़ साल पुराने गर्भवती समुद्री जीव का जीवाश्म, पेट में कई बच्चे
x
दक्षिण अमेरिका के चिली में 13 करोड़ साल पुराने गर्भवती समुद्री जीव का जीवाश्म पाया गया है

सेंटियागो: दक्षिण अमेरिका के चिली में 13 करोड़ साल पुराने गर्भवती समुद्री जीव का जीवाश्म पाया गया है। बड़ी बात यह है कि इस समुद्री जीव के पेट में कई बच्चे भी मिले हैं। इचिथ्योसौर नाम का यह सरीसृप डायनासोर के जमाने में समुद्र पर राज करता था। यह पहला मौका है जब चिली में किसी इचिथ्योसौर के शरीर का पूरा जीवाश्म मिला है। इस जीवाश्म को मैनचेस्टर विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने पेटागोनिया में गहरे टाइन्डल ग्लेशियर में खोजा है। अक्सर तैरने वाले डायनासोर के रूप में गलत पहचाने जाने वाले ये सरीसृप डायनासोर के पहले से धरती पर मौजूद थे। हालांकि, अज्ञात कारणों से आज से 9 करोड़ साल पहले ये जीव धरती से विलुप्त हो गए थे।

अपने जमाने का सबसे ताकतवर समुद्री जीव था इचिथ्योसौर
लाखों वर्षों तक खाद्य श्रृंखला के शीर्ष पर रहने वाले इचिथ्योसौर समुद्र में सबसे ताकतवर जीव थे। वर्तमान में खोजा गया जीवाश्म मादा इचिथ्योसौर का है। इस जीवाश्म के शरीर में कई भ्रूण भी मिले हैं। इस अध्ययन में शामिल जीवाश्म विज्ञानी डॉ डीन लोमैक्स ने कहा कि यह हैरान करने वाला है कि इचिथ्योसौर एक चरम वातावरण में इतनी अच्छी तरह से संरक्षित हैं। यह ग्लेशियर काफी अस्थिर है, जिससे इसके अंदर मौजूद चीजें अक्सर बाहर आ जाती हैं। इसके बावजूद इस जीवाश्म का अंदरूनी हिस्सा काफी अच्छा दिख रहा है।
मादा इचिथ्योसौर के अलावा बच्चों और वयस्कों के जीवाश्म भी मिले
शोधकर्ताओं ने बताया कि इस जगह मादा इचिथ्योसौर के अलावा कई वयस्क, किशोर और नवजात शिशुओं के पूर्ण कंकाल मिले हैं। इसके आधार पर दावा किया जा सकता है कि इस क्षेत्र में आज से 13 करोड़ साल पहले इचिथ्योसौर का राज हुआ करता था। इचिथ्योसौर का शरीर आज के जमाने के डॉल्फिन जैसा दिखता है। इस जीव के जीवाश्म की खोज मार्च और अप्रैल 2022 के दौरान चलाए गए अभियान में की गई थी। यह ग्लेशियर इतने बीहड़ इलाके में है कि यहां तक पहुंचने के लिए 10 घंटे की पैदल यात्रा करनी पड़ती है।
इस जीव के बारे में समझने में मिलेगी काफी मदद
इचिथ्योसौर वैलांगिनियन-हौटेरिवियन युग (अर्ली क्रेटेशियस से 129 और 139 मिलियन वर्ष के बीच) की एकमात्र गर्भवती जीव है, जिसे धरती पर खोजा गया है। इस स्टडी टीम को लीड करने वाले मैगलन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जूडिथ पार्डो-पेरेज ने बताया कि चार मीटर लंबे, पूर्ण, और गर्भ में भ्रूण के साथ इस जीवाश्म की खोज से पुरा जीव विज्ञान और इसके जीवनकाल में इसे प्रभावित करने वाली बीमारी के बारे में जानकारी प्रदान करने में मदद मिलेगी।
Next Story