विज्ञान

बृहस्पति के चंद्रमा यूरोपा पर छिपे हो सकते हैं एलियंस, वैज्ञानिकों ने 'खोजा' पानी तो निकला ग्रीनलैंड से कनेक्शन

Tulsi Rao
20 April 2022 3:43 PM GMT
बृहस्पति के चंद्रमा यूरोपा पर छिपे हो सकते हैं एलियंस, वैज्ञानिकों ने खोजा पानी तो निकला ग्रीनलैंड से कनेक्शन
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। क्या इस अंतरिक्ष में पृथ्वी के अलावा भी कहीं जीवन है? वैज्ञानिक अभी भी इसे लेकर खोज कर रहे हैं। लेकिन रिसर्चर्स का दावा है कि हो सकता है एलियन (Alien) बृहस्पति के चंद्रमा यूरोपा (Europa) पर रह रहे हों। यूरोपा की ज्यादातर सतह पूरी तरह बर्फ से ढकी हुई है। हाल ही में वैज्ञानिकों ने पाया है कि यूरोपा पर पानी भी हो सकता है। यूरोपा की भौगोलिक स्थिति ग्रीनलैंड से मिलती-जुलती है। ग्रीनलैंड में बर्फ के नीचे पानी में जीवन मिलता है। यहां झींगा, जेलिफिश और घोंघे मिलते हैं।

इसी के आधार पर वैज्ञानिकों का मानना है कि यूरोपा में बर्फ की कठोर सतह के नीचे पानी में जीवन हो सकता है। वैज्ञानिकों ने अपनी खोज के दौरान यूरोपा पर सैकड़ों किलोमीटर लंबी लकीरें देखी हैं, जो उठी हुई बर्फ है। इन्हें डबल रिज (Double Ridges) कहते हैं। यह लकीरें उत्तर-पश्चिम ग्रीनलैंड की ही तरह विशेषताएं साझा करती हैं।
बर्फ के नीचे पानी में हो सकता है जीवन
नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी के डॉ. ग्रेगर स्टीनब्रुग का कहना है कि 20 सालों से ज्यादा समय से लोग इन डबल रिज पर अध्ययन कर रहे हैं। लेकिन पहली बार वैज्ञानिकों ने कुछ ऐसा देखा है जैसा पृथ्वी पर होता है। उन्होंने कहा कि हम यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि बर्फीले यूरोपा पर आखिर किस तरह की फिजिक्स और गतिशीलता की प्रक्रियाएं हावी हैं? वैज्ञानिकों ने पाया है कि यह डबल रिज लगभग एक हजार फीट ऊंचे हैं और इनकी चौड़ाई करीब आधा मील से ज्यादा है।
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डस्टिन श्रोएडर ने कहा कि अगर बर्फ के नीचे पानी है तो जीवन की संभावना है। जिस तरह की भौगोलिक स्थिति ग्रीनलैंड में देखने को मिली है वैसा ही कुछ यूरोपा पर देखने को मिला है, जिससे अनुमान लगा सकते हैं कि यहां हर जगह पानी है। प्रोफेसर डस्टिन श्रोएडर का कहना है कि हम मौसम में बदलाव से जुड़ी खोज कर रहे थे, इस दौरान हमने इसे संयोग से खोजा है।


Next Story