लाइफ स्टाइल

विश्व रक्तदाता दिवस को मनाने की शुरुआत कब और कैसे हुई, जानिए इस दिन का इतिहास और महत्व

Tara Tandi
14 Jun 2022 6:32 AM GMT
विश्व रक्तदाता दिवस को मनाने की शुरुआत कब और कैसे हुई, जानिए इस दिन का इतिहास और महत्व
x
मानव शरीर बिना रक्त के हाड़-मांस का ढांचा है। शरीर के सुचारू रूप से कार्य करने के लिए खून की जरूरत होती है। अगर शरीर में खून की कमी हो जाए तो व्यक्ति का जीवन खतरे में पड़ सकता है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। मानव शरीर बिना रक्त के हाड़-मांस का ढांचा है। शरीर के सुचारू रूप से कार्य करने के लिए खून की जरूरत होती है। अगर शरीर में खून की कमी हो जाए तो व्यक्ति का जीवन खतरे में पड़ सकता है। अगर किसी व्यक्ति को खून की जरूरत हो लेकिन समय पर खून न मिल सके तो उसकी जान भी जा सकती है। इसलिए लोगों से रक्तदान की अपील की जाती है। रक्तदान से किसी जरूरतमंद के लिए रक्त की पूर्ति हो जाती है और एक स्वस्थ व्यक्ति के द्वारा रक्तदान फायदेमंद भी होता है। लोगों को रक्तदान के लिए बढ़ावा देने और रक्तदाता का आभार जताने के लिए हर साल 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। दुनियाभर में इस दिन को मनाने का उद्देश्य जरूरतमंदों को खून उपलब्ध कराना है ताकि खून की कमी से किसी मरीज की जान न जाए। चलिए जानते हैं विश्व रक्तदाता दिवस को मनाने की शुरुआत कब और कैसे हुई, इस दिन का इतिहास और महत्व।

विश्व रक्तदाता दिवस मनाने की शुरुआत कब हुई?
साल 2004 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने रक्तदान दिवस मनाने की शुरुआत की थी। तब से हर साल 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाने लगा। हर साल रक्तदाता दिवस की थीम अलग अलग होती है। साल 2022 रक्तदाता दिवस की थीम 'Donating blood is an act of solidarity. Join the effort and save lives.' है यानी 'रक्तदान एकजुटता का कार्य है। प्रयास में शामिल हों और जीवन बचाएं।'
14 जून को ही क्यों मनाया जाता है रक्तदाता दिवस
वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर ने ब्लड ग्रुप सिस्टम के बारे में दुनिया को बताया था। साल 1930 में ब्लड ग्रुप का पता लगाने के लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया था। ऐसे में विश्व रक्तदाता दिवस का दिन वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर को समर्पित है। 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाने की वजह है कि इसी दिन ब्लड ग्रुप से अवगत कराने वाले वैज्ञानिक का जन्मदिन होता है।
विश्व रक्तदाता दिवस का महत्व
ब्लड डोनर डे मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करना है। लोग अगर स्वेच्छा से रक्तदान करेंगे तो ब्लड बैंकों में पर्याप्त मात्रा में खून उपलब्ध होगा। ऐसे में जब किसी मरीज को रक्त की जरूरत होगी तो आसानी से उसे रक्त मिल सकेगा और उसका जीवन बचाया जा सकेगा।
रक्तदान कौन कर सकता है?
अगर आप रक्तदान करना चाहते हैं तो डॉक्टरों के मुताबिक, कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। इसके लिए आपकी उम्र 18 साल से अधिक होनी चाहिए। रक्तदान करने के लिए आपका वजन 45 किलोग्राम से ज्यादा होना चाहिए।
Next Story