धर्म-अध्यात्म

वास्तु शास्त्र: नकारात्मकता और धन की कमी घर में लाती हैं यह 5 चीजें

Deepa Sahu
14 July 2021 4:24 PM GMT
वास्तु शास्त्र: नकारात्मकता और धन की कमी घर में लाती हैं यह 5 चीजें
x
वास्तु शास्त्र का हमारे जीवन में गहरा प्रभाव पड़ता है।

वास्तु शास्त्र का हमारे जीवन में गहरा प्रभाव पड़ता है। कौन-सी चीज कहां रखनी है, घर में किन चीजों को नहीं चाहिए या फिर घर का निर्माण किस तरह का होना चाहिए, यह सभी चीजे वास्तु शास्त्र में बताई गई हैं। कई बार घर के अंदर कई ऐसी चीजें लगी रहती हैं, जो अशुभता व नकारात्मकता लाती हैं। जिससे न केवल परिवार की सुख-शांति खत्म होती है बल्ति धन संबंधित समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है। वास्तु में घर से जुड़े सभी कार्यों को करने के तरीके बताए गए हैं। आज हम आपको कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका घर में होने से कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है और वास्तु दोष लगता है। ऐसी चीजें नकारात्मक ऊर्जा के साथ-साथ धन की हानि का कारण भी बनती हैं…

नल से टपकता हुआ पानी
वास्तु शास्त्र के अनुसार, पानी धन का प्रतिनिधित्व करता है। अक्सर देखने को मिलता है कुछ लोगों के घरों में नल से पानी टपकता रहता है साथ ही घर की दीवारों में भी नमी रहती है, जो वास्तु में अच्छा नहीं माना जाता है। जिस घर में ऐसी स्थिति रहती है, वहां माता लक्ष्मी का वास नहीं होता है, जिसकी वजह से परिवार के सदस्यों को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए घर के नलों का हमेशा सही रखें और दीवारों पर किसी भी प्रकार की नमी न हो, इस बात का भी ध्यान रखें।
घर में पड़े टूटे बर्तन
घर में पड़े टूटे बर्तन व टूटे कांच राहु का प्रतीक माने जाते हैं, जो मानसिक पीड़ा व आर्थिक नुकसान करते हैं। साथ ही घर में किसी दीवार पर दरारें भी देखने को मिल जाती हैं, ये सभी चीजें वास्तु दोष का कारण बनती हैं। इसलिए घर में अगर टूटे बर्तन व कांच रखे हैं तो उनको तुरंत घर से बाहर निकाल देना चाहिए और घर की दीवारों पर दरारें हैं तो उनको सही करवा लेना चाहिए। ऐसा करने से घर का वास्तु बना रहता है और जीवन में तरक्की आती है।
घर में पक्षी का घोंसला होना
घर में अक्सर छत या फिर किसी कोने पर पक्षी का घोंसला दिख जाता है, जो वास्तु के अनुसार गरीबी को आमंत्रित करता है। अगर किसी पक्षी का अंडा टूट जाए तो यह निकट भविष्य में आर्थिक चुनौतियों का कारण बनने का संकेत है। ऐसे में कबूतर या अन्य पक्षी का घर में घोंसला नहीं बनाने देना चाहिए लेकिन अगर घोंसला घर की चारदीवारी के बाहर हो तो इससे कोई परेशानी नहीं होती है।
वित्तीय स्थिति को प्रभावित करती हैं ये चीजें

जाल व कबाड़ भी घर में नकारात्मक ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत माना जाता है। जिन घरों में हर रोज साफ-सफाई रहती है, वहां मां लक्ष्मी का वास होता है। घर में अगर कुछ चीजें ऐसी हैं, जो मरम्मत की मांग करती हैं तो उनको सही करवा लें या उन्हें घर के बाहर कूड़ेदान में फेंक दें। साथ ही मकड़ी के जाल को भी तुरंत हटा दें। माना जाता है कि जाले न सिर्फ वित्तीय स्थिति को प्रभावित करते हैं बल्कि किसी भी कार्य या गतिविधि को भी रोकते हैं। इसलिए कबाड़ और जाले को हमेशा हटाते रहना चाहिए।
शनि का प्रभाव बढ़ाती हैं ये चीजें
वास्तु शास्त्र के अनुसार, फटे जूते-चप्पल संबंध शनि से माना जाता है और फटा हुआ जूता घर में रखने से वह शनि के नकारात्मक प्रभावों को बढ़ाता है। वहीं बंद घड़ी घर की प्रगति को रोकने की सूचक है और इसको घर में रखने से धन की हानि होती है। अगर आपके घर में बंद पड़ी घड़ी या फिर फटे हुए जूते-चप्पल रखे हुए हैं तो उनको भी घर से बाहर कर देना चाहिए। ऐसा करने से वास्तु दोष के साथ-साथ शनि दोष से भी मुक्ति मिलती है।
Next Story