- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- धर्म-अध्यात्म
- /
- Aaj Ka Rashifal: आज का...
मेष राशिफल, सुबह थकान और शाम से मिलेगी नई ऊर्जा
मेष राशि के जातकों के लिए आज का दिन दो हिस्सों में बंटा है। शाम 7:22 बजे तक चंद्रदेव बारहवें भाव में रहेंगे, इसलिए सुबह और दोपहर में नींद पूरी न होने जैसी सुस्ती रहेगी और खर्च की चिंता भी रहेगी। शाम के बाद चंद्रदेव आपके लग्न में आएंगे और मन हल्का होगा, आत्मविश्वास लौटेगा। सातवें भाव में बुध वक्री होने से जीवनसाथी या कारोबारी साझेदार के साथ बात में गलतफहमी हो सकती है। कोई भी बात मैसेज पर लिखने के बजाय आमने-सामने कहें। किसी दोस्त के जरिए आर्थिक लाभ मिलेगा या नया काम मिलेगा। सुबह जल्दबाजी में कोई वादा न करें। पूर्णिमा की रात को छत पर कुछ देर शांत बैठना आपके लिए अच्छा रहेगा। पैसा बेवजह खर्च न करें।
वृषभ राशिफल, सेहत का ध्यान रखें, दिनचर्या पर करें फोकस
वृषभ राशि के जातकों को आज सबसे पहले अपनी सेहत का ध्यान रखना होगा। लग्नेश शुक्रदेव अस्त और वक्री होकर छठे भाव में हैं। ऊपर से बुध भी वक्री चल रहे हैं, इसलिए पेट या त्वचा संबंधी परेशानी हो सकती है। शारीरिक थकान भी महसूस हो सकती है। आज बाहर का तला भुना खाना टाल दें। तीसरे भाव में मंगल और गुरु होने से छोटे भाई बहन या पड़ोसी से अच्छी बात होगी। शाम 7:22 बजे के बाद चंद्रदेव बारहवें भाव में जाएंगे, तब खर्च बढ़ सकते हैं। नींद का पूरा ध्यान रखें। शेयर मार्केट के निवेश में जल्दबाजी न करें।
मिथुन राशिफल, बातचीत और टिकट बुकिंग में रखें सावधानी
मिथुन राशि के जातकों के स्वामी बुधदेव वक्री चाल से चल रहे हैं। लिहाजा, आज आपकी कही गई बात का मतलब सामने वाला उल्टा निकाल सकता है, इसलिए छोटी बात भी साफ शब्दों में कहें। पांचवें भाव में तीन ग्रहों की युति है, बच्चों की पढ़ाई, प्रेम संबंध या शेयर और सट्टे जैसे जोखिम वाले फैसलों में आज रुकना ही ठीक रहेगा। परिवार में पैसों की बात होगी और बुजुर्ग की सलाह काम आएगी। शाम 7:22 बजे के बाद चंद्रदेव ग्यारहवें भाव में आएंगे, इससे दोस्तों से मुलाकात होगी और रुका हुआ पैसा हाथ में आने की उम्मीद बनेगी। यात्रा की टिकट बुक करते समय तारीख और नाम दो बार जांचें। फोन में पुराने संदेश पढ़कर पुरानी बात न उखाड़ें।
कर्क राशिफल, व्यापार-कारोबार से जुड़े लोगों को मिलेगा लाभ
कर्क राशि के जातकों के लिए आज का दिन सामान्य से अच्छा है। लग्न पर मंगल और गुरु की युति आपको हिम्मत और भीतर से भरोसा देगी, इसलिए जो बात कई दिन से कहने में हिचक रहे थे, उसे आज कह सकते हैं। सुबह नौवें भाव में चंद्रदेव हैं, इसलिए पूजा और दान-पुण्य में मन लगेगा। किसी बुजुर्ग से मिलकर अच्छा मार्गदर्शन हो सकता है। शाम 7:22 बजे के बाद चंद्रदेव दसवें भाव में जाएंगे, तब कारोबार से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा। चौथे भाव में बुध वक्री होने से घर की मरम्मत, वाहन या माता जी से जुड़ी कोई पुरानी बात फिर उठ सकती है। इसे धैर्य से सुलझाएं। गाड़ी की गति पर नियंत्रण रखें खासकर रात को।
सिंह राशिफल, छूटे हुए पुराने दोस्त करेंगे संपर्क
सिंह राशि के जातकों के लिए रविवार का दिन शुभ है क्योंकि आपके लग्नेश सूर्यदेव का अपना दिन है। तीसरे भाव में सूर्य, बुध और शुक्र की युति से फोन, मुलाकात और लिखा-पढ़ी के कामों में आपकी बात सुनी जाएगी। हालांकि, बुध वक्री होने से पुराने दोस्त फिर संपर्क कर सकते हैं। यह बुरा नहीं है, पुराना रुका काम निकल सकता है। सुबह आठवें भाव में चंद्रदेव हैं, इसलिए मन में कोई छिपी चिंता या सेहत में कमजोरी रहेगी। शाम 7:22 बजे के बाद चंद्रदेव नौवें भाव में आएंगे और भाग्य का साथ बढ़ेगा। दान-पुण्य और यात्रा में खर्च होगा। साझेदार से तीखी बहस न करें। आज रात को चंद्रमा की रोशनी में खीर रखें और सोमवार की सुबह परिवार के साथ बैठकर खाएं।
कन्या राशिफल, वक्री बुध की वजह से वाणी को लेकर रहें सतर्क
कन्या राशि के जातकों के लिए आज बुध वक्री की शुरुआत है और बुधदेव आपके लग्न के स्वामी भी हैं। इसलिए आपको यह असर सबसे सीधा महसूस होगा। दूसरे भाव में बुध, सूर्य और शुक्र की युति है। इसलिए पैसों के लेन-देन में सावधानी रखें। वाणी में सतर्कता रखें और सोच-समझकर बोलें। उधार दिया हुआ पैसा लौटाने की बात धीरे से करें, तैश में नहीं। जीवनसाथी या साझेदार थके और चुप लग सकते हैं, उन्हें समय दें। छठे भाव में राहु के कारण पेट का ध्यान रखें। नशे से दूर रहें और बेवजह शक न करें।
तुला राशिफल, थकान और उलझन से बचें
तुला राशि के जातकों के लिए आज खुद को संभालने का दिन है। लग्न में सूर्य, बुध और अस्त शुक्रदेव की युति है और बुध वक्री हो गए हैं, इसलिए उलझन पैदा करने वाली बातें सामने आ सकती हैं। मन अस्थिर हो सकता है और बातों को कहने में जल्दबाजी रह सकती है। कोई भी नया समझौता या ऑनलाइन पेमेंट करने से पहले ठहरकर सोचें। सुबह छठे भाव में चंद्रदेव हैं, कमर, घुटने या पाचन की शिकायत हो सकती है। इसलिए हल्का खाना खाएं। शाम 7:22 बजे के बाद चंद्रदेव सातवें भाव में आएंगे, इससे जीवनसाथी या साझेदार के साथ बातचीत सहज होगी और शाम का समय अच्छा गुजरेगा। बच्चों के बारे में सुनी-सुनाई बात पर भरोसा न करें। अपने सिक्थ सेंस का सहारा लें।
वृश्चिक राशिफल, बच्चों और पढ़ाई की चिंता रहेगी
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए आज की शुरुआत थोड़ी भारी रहेगी। सुबह पांचवें भाव में चंद्रदेव और शनिदेव साथ हैं, बच्चों की पढ़ाई, उनके व्यवहार या प्रेम संबंध को लेकर मन में चिंता रहेगी। जवाब देने से पहले दो मिनट रुकें। बारहवें भाव में तीन ग्रह हैं और बुध वक्री हो गए हैं, इसलिए यात्रा, अस्पताल या दान पर खर्च हो सकता है। जो खर्च जरूरी न हो उसे टाल दें। शाम 7:22 बजे के बाद चंद्रदेव छठे भाव में आएंगे और पुराने कर्ज या विवाद में आपका पलड़ा भारी होगा। लग्नेश मंगलदेव गुरुदेव के साथ नौवें भाव में हैं, इसलिए बड़ों का आशीर्वाद मिलेगा। चौथे भाव में राहु के कारण घर में बेचैनी हो सकती है। रात को मोबाइल पर देर तक न रहें, और जल्दी पैसा दोगुना करने वाली बातों से बचें।
धनु राशिफल, घर का और माता जी का रखें ध्यान
धनु राशि के जातकों के लिए आज घर की बातें पहले आएंगी। सुबह चंद्रदेव और शनिदेव चौथे भाव में हैं, इसलिए माता जी की सेहत, घर के किसी पुराने विवाद या वाहन की खराबी पर ध्यान जाएगा। परिवार के साथ खाना खाने से मन का बोझ कम होगा। दोस्तों और जान पहचान के जरिए आमदनी के रास्ते खुल सकते हैं, लेकिन वक्री बुध की स्थिति के कारण किसी की बात में आंख बंद कर विश्वास न करें, लिखा-पढ़ी पक्की करें। शाम 7:22 बजे के बाद चंद्रदेव पांचवें भाव में जाएंगे, बच्चों के साथ समय बिताना या कोई रचनात्मक काम शुरू करना अच्छा रहेगा। तीसरे भाव में राहु के कारण भाई बहन से बात करते समय आवाज ऊंची न करें।
मकर राशिफल, भाई बहन और छोटी यात्रा से लाभ
मकर राशि के जातकों के लिए आज हिम्मत और बातचीत वाला दिन है। सुबह तीसरे भाव में चंद्रदेव और आपके लग्नेश शनिदेव साथ हैं, इसलिए पुराने अधूरे काम को निपटाने की ताकत मिलेगी, लेकिन शरीर में आलस भी रहेगा। भाई बहन या पड़ोसी से कोई जरूरी बात होगी, उसमें नरमी रखें। साझेदार के साथ मिलकर चलने से फायदा होगा। शाम 7:22 बजे के बाद चंद्रदेव चौथे भाव में आएंगे, जिससे घर में शांति बढ़ेगी। कंफर्ट जोन में रहेंगे। किसी को उधार देने से बचें। किसी न किसी काम में लगें रहें क्योंकि आज खाली बैठने से चिंता बढ़ेगी।
कुंभ राशिफल, किसी पर भरोसा सोच समझकर करें
कुंभ राशि के जातकों के लिए आज धन और वाणी पर ध्यान रखने का दिन है। सुबह दूसरे भाव में चंद्रदेव और शनिदेव साथ हैं, इसलिए पैसों की कोई बात अटकी रह सकती है और परिवार में खाने-पीने या खर्च को लेकर हल्की तकरार हो सकती है। जो बोलें, तौलकर बोलें। लग्न पर राहु अकेले हैं, मन में उलझन और बड़ी बातें सोचने की आदत रहेगी, इसलिए अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई निवेश न करें। पिता जी के साथ मतभेद हो सकता है या विदेश से जुड़े काम में देरी होगी। पुराने विवाद में आपकी स्थिति मजबूत रहेगी। शाम 7:22 बजे के बाद चंद्रदेव तीसरे भाव में आएंगे और हिम्मत लौटेगी। आंखों का ध्यान रखें।
मीन राशिफल, भारीपन कम महसूस होगा, खर्च पर रखें संयम
मीन राशि के जातकों के लिए आज भारीपन कल की तुलना में कम महसूस होगा। शाम 7:22 बजे तक चंद्रदेव आपके लग्न में शनिदेव के साथ रहेंगे, इसलिए सुबह से मन में उदासी, सुस्ती या बेवजह की निराशा रहेगी। कोई भी बड़ा फैसला शाम के बाद ही लें। पूर्णिमा की रात चंद्रदेव के दर्शन से मन शांत होगा। शाम के बाद चंद्रदेव दूसरे भाव में आएंगे और परिवार तथा पैसों की बात सुलझने लगेगी। बच्चों या पढ़ाई से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है। ससुराल पक्ष से कोई विवादास्पद स्थिति बन सकती है। साझे पैसे के मामलों में नया कदम न उठाएं। बारहवें भाव में राहु के कारण नींद न आने की परेशानी हो सकती है, इसलिए रात को हल्का खाएं।





