धर्म-अध्यात्म

नौतपा के 9 दिन: क्यों हैं बेहद पवित्र, जानें ज्योतिष और धर्म की मान्यताएं

nidhi
22 May 2026 12:23 PM IST
नौतपा के 9 दिन: क्यों हैं बेहद पवित्र, जानें ज्योतिष और धर्म की मान्यताएं
x
नौतपा के 9 पवित्र दिन
अयोध्या: हिंदू धर्म और ज्योतिष शास्त्र में नौतपा का विशेष महत्व माना गया है. मान्यता है कि जब सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तभी से नौतपा आरंभ होता है और शुरुआती 9 दिनों तक इसका प्रभाव रहता है. इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं, जिससे गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह समय केवल मौसम परिवर्तन का संकेत नहीं, बल्कि तप, दान और पुण्य का भी विशेष काल माना जाता है. नौतपा इस साल 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा.
हिंदू धर्म में नौतपा का महत्व
पवन शास्त्री बताते हैं कि नौतपा का संबंध केवल तापमान बढ़ने से नहीं है, बल्कि यह आध्यात्मिक साधना और आत्मशुद्धि का भी समय माना जाता है. इन 9 दिनों में श्रद्धालु पूजा-पाठ, तपस्या और दान-पुण्य कर विशेष फल की प्राप्ति करते हैं. धार्मिक मान्यता है कि नौतपा के दौरान किए गए दान से पितरों और देवी-देवताओं की कृपा प्राप्त होती है. विशेष रूप से पवित्र नदियों, तालाबों और तीर्थ स्थलों के किनारे दान करने का विधान बताया गया है. इस दौरान सत्तू, घड़ा, छाता, शीतल जल, पंखा और अन्य शीतल वस्तुओं का दान करना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है.
नौतपा में भगवान सूर्य की आराधना का भी विशेष महत्व
मान्यता है कि गर्मी में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने वाले ये दान व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आते हैं. नौतपा में भगवान सूर्य की आराधना का भी विशेष महत्व बताया गया है. श्रद्धालु प्रतिदिन सुबह स्नान के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं. ऐसा माना जाता है कि सूर्य उपासना करने से सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है और जीवन में ऊर्जा व स्वास्थ्य बना रहता है.
दान-पुण्य का महत्व
रामनगरी अयोध्या में नौतपा के दौरान सरयू घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है. बड़ी संख्या में लोग सरयू स्नान कर दान-पुण्य करते हैं और पितरों की शांति के लिए पूजा-अर्चना करते हैं. धार्मिक दृष्टि से ये 9 दिन बेहद पवित्र और फलदायी माने जाते हैं, इसलिए श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव के साथ इस अवसर को मनाते हैं.



Next Story