- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- धर्म-अध्यात्म
- /
- सावन विशेष: त्रिशूल,...
धर्म-अध्यात्म
सावन विशेष: त्रिशूल, डमरू और नाग, जानें शिव के इन तीनों प्रतीकों की रहस्यमयी कथा
jantaserishta.com
26 July 2025 4:02 PM IST

x
नई दिल्ली: सावन के महीने में चारों ओर भगवान शिव के नाम की गूंज सुनाई देती है। भक्त उन्हें भोलेनाथ भी कहते हैं, क्योंकि वे अपने भक्तों पर बहुत जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं। उनके दर पर जाकर कोई खाली नहीं लौटता, जो न राजा देखते हैं, न रंक, न बड़ा, न छोटा... बस देखते हैं तो सच्चा भाव। भगवान शिव का यही भोलापन उन्हें सबसे अलग बनाता है। वे जितने सरल हैं, उतने ही रहस्यमय भी। उनके गले में सांप है, सिर पर चंद्रमा, जटाओं में गंगा, एक हाथ में डमरू और दूसरे में त्रिशूल... हर किसी की अपनी एक कहानी है। उनके हर एक प्रतीक के पीछे कोई कथा है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब सृष्टि की शुरुआत हुई, तब भगवान शिव प्रकट हुए। उनके साथ तीन गुण भी पैदा हुए—रज, तम और सत्व। ये तीनों गुण जीवन के लिए जरूरी हैं, लेकिन इनका संतुलन भी जरूरी होता है। रज यानी 'क्रिया,' तम यानी 'अंधकार,' और सत यानी 'ज्ञान।' इनका संतुलन बनाए रखने के लिए भगवान शिव ने इन्हें त्रिशूल के रूप में धारण कर लिया। इसलिए त्रिशूल यह सिखाता है कि जीवन में संतुलन सबसे जरूरी है।
अब बात करते हैं डमरू की, जो भगवान शिव के दूसरे हाथ में होता है। यह छोटा-सा वाद्य यंत्र है, लेकिन इसका महत्व बहुत बड़ा है। कहा जाता है कि जब सृष्टि की शुरुआत हुई, तब देवी सरस्वती ने अपनी वीणा से ध्वनि तो बनाई, लेकिन उसमें कोई ताल-सुर नहीं था। उस समय भगवान शिव ने तांडव करते हुए 14 बार डमरू बजाया। उस डमरू से निकली ध्वनि से ही सुर, ताल और संगीत की रचना हुई। यह भी माना जाता है कि संस्कृत भाषा के व्याकरण के मूल सूत्र भी डमरू की ध्वनि से निकले थे। इसलिए डमरू केवल एक वाद्य नहीं है, बल्कि सृष्टि की पहली भाषा, पहली ध्वनि और पहले ज्ञान का स्रोत है।
अब आखिर में बात करते हैं शिव के गले में लिपटे नाग की। यह कोई सामान्य नाग नहीं, बल्कि नागों के राजा वासुकी है। सागर मंथन की कथा में जब देवता और राक्षसों ने मिलकर समुद्र मंथन किया, तब रस्सी के रूप में वासुकी नाग ने खुद को अर्पित कर दिया। भगवान शिव उनके इस त्याग और भक्ति से बहुत प्रसन्न हुए। उन्होंने वासुकी को वरदान दिया कि वे हमेशा उनके गले में एक आभूषण की तरह रहेंगे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





