धर्म-अध्यात्म

15 जून को सूर्यदेव का मिथुन में होगा परिवर्तन, जानिए अन्य राशियों का हाल

Tara Tandi
14 Jun 2022 6:29 AM GMT
15 जून को सूर्यदेव का मिथुन में होगा परिवर्तन,  जानिए अन्य राशियों का हाल
x
सूर्य देव वृषभ राशि की यात्रा समाप्त करके 15 जून को दोपहर 12 बजकर 03 मिनट पर अपने मित्र बुध की राशि में प्रवेश करेंगे। इस राशि पर ये 16 जुलाई की रात्रि 10 बजकर 56 मिनट तक गोचर करेंगे,

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। सूर्य देव वृषभ राशि की यात्रा समाप्त करके 15 जून को दोपहर 12 बजकर 03 मिनट पर अपने मित्र बुध की राशि में प्रवेश करेंगे। इस राशि पर ये 16 जुलाई की रात्रि 10 बजकर 56 मिनट तक गोचर करेंगे, उसके बाद कर्क राशि में प्रवेश कर जाएंगे। सूर्य का राशि परिवर्तन पृथ्वी वासियों के लिए सीधा प्रभाव डालता है अतः जिनके लिए ये शुभ भाव में गोचर कर रहें होंगे उनके लिए तो सुखद समाचार है किंतु जिनकी जन्मकुंडली में अशुभ भाव में गोचर कर रहे होंगे उन जातकों को नई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। अन्य सभी राशियों के लिए इनका राशि परिवर्तन कैसा रहेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।

मेष राशि
राशि से तृतीय पराक्रम भाव में गोचर करते हुए सूर्य बेहतरीन सफलता दिलाएंगे। साहस पराक्रम की वृद्धि तो होगी ही लिए गए निर्णय और किए गए कार्यों की सराहना होगी। अपनी ऊर्जा शक्ति के बल पर कठिन परिस्थितियों पर भी आसानी से विजय प्राप्त कर लेंगे। आवेश पर नियंत्रण रखते हुए कार्य करेंगे तो अधिक सफल रहेंगे। परिवार में छोटे भाइयों से मतभेद बढ़ने न दें। किसी नई कार्य योजना का आरंभ अथवा नए अनुबंध पर हस्ताक्षर करना हो तो समय बेहतरीन रहेगा।
वृषभ राशि
राशि से द्वितीय भाव में गोचर करते हुए सूर्य कई तरह के अप्रत्याशित परिणाम दिलाएंगे। स्वास्थ्य की दृष्टि से आपको अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है। दाहिनी आंख से संबंधित बीमारी से बचें। आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। काफी दिनों का दिया गया धन भी वापस मिलने की उम्मीद। इन सब के बावजूद किसी न किसी कारण से पारिवारिक कलह एवं मानसिक अशांति का सामना भी करना पड़ सकता है। जमीन जायदाद से जुड़े मामले हल होंगे। वाहन का क्रय कर सकते हैं।
मिथुन राशि
आपकी राशि में सूर्य का गोचर हर तरह से लाभदायक ही रहेगा। हो सकता है कहीं न कहीं शारीरिक पीड़ा का सामना करना पड़े किंतु मान सम्मान और पद प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में प्रतीक्षित कार्य संपन्न होंगे। किसी भी नए टेंडर के लिए आवेदन करना चाह रहे हों तो उस दृष्टि से भी ग्रह गोचर अनुकूल रहेगा। जो लोग नीचा दिखाने की कोशिश में लगे थे वही मदद के लिए आगे आएंगे। कोर्ट कचहरी के मामलों में भी निर्णय आपके पक्ष में आने के संकेत है।
कर्क राशि
राशि से बारहवें व्यय भाव में गोचर करते हुए सूर्य अत्यधिक भागदौड़ और खर्च का सामना करवाएंगे। कार्य बाधाएं भी आएंगी। कई बार काम होते होते रह जाएगा किंतु हताश न हों रुकावटें के बाद भी आप सफल रहेंगे। विदेशी कंपनियों में सर्विस अथवा नागरिकता के लिए किया गया प्रयास ही सफल रहेगा। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों को परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने के लिए और प्रयास करने होंगे। इस अवधि के मध्य किसी को भी अधिक धन उधार के रूप में देने से बचें।
सिंह राशि
राशि से एकादश लाभ भाव में गोचर करते हुए सूर्य आपके लिए सफलताओं के द्वार खोल देंगे। कोई भी बड़ा कार्य आरंभ करना हो अथवा किसी नए अनुबंध पर हस्ताक्षर करना हो तो उस दृष्टि से भी ग्रह अनुकूल रहेगा। उच्चाधिकारियों से संबंध बढ़ेगा। चुनाव संबंधी निर्णय लेना चाह रहे हों तो उस दृष्टि से भी ग्रह अनुकूल रहेंगे। संतान के दायित्व की पूर्ति होगी। नव दंपत्ति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के योग। प्रेम संबंधी मामलों में उदासीनता रहेगी इसलिए अपने कार्य पर ही ध्यान दें।
कन्या राशि
राशि से दशम कर्म भाव में गोचर करते हुए सूर्य मान सम्मान तथा पद-प्रतिष्ठा की वृद्धि करेंगे। इसके अवधि के मध्य सरकारी सर्विस के लिए आवेदन करना हो तो अवसर अच्छा है। शासन सत्ता का पूर्ण सहयोग मिलेगा। माता पिता के स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें। जमीन जायदाद संबंधी मामले हल होंगे। अपनी ऊर्जाशक्ति के बलपर कठिन परिस्थितियों को भी आसानी से नियंत्रित कर लेंगे। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए समय और अनुकूल रहेगा।
तुला राशि
राशि से नवम भाग्य भाव में गोचर करते हुए सूर्य का प्रभाव पहले से अधिक शुभ रहेगा। सारी कार्य बाधाएं समाप्त होंगी। रचनात्मक कार्यों में सफलता मिलेगी। आय के साधन बढ़ेंगे। धर्म और अध्यात्म के प्रति गहरी रूचि रहेगी। विदेशी कंपनियों में नौकरी एवं नागरिकता के लिए किया गया प्रयास सफल रहेगा। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा छोटे भाइयों से मतभेद बढ़ने न दें। काफी दिनों के प्रतीक्षित कार्य संपन्न होंगे। कोर्ट कचहरी के मामलों में भी निर्णय आपके पक्ष में आने के संकेत हैं।
वृश्चिक राशि
राशि से अष्टम आयुभाव में गोचर करते हुए सूर्य कई तरह के अप्रत्याशित उतार-चढ़ाव का सामना करवाएंगे। स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव तो पड़ेगा ही अग्नि विष तथा दवाओं के रिएक्शन से बचें। साथ ही कार्यक्षेत्र में भी षड्यंत्र का शिकार होने से बचें। बेहतर रहेगा कार्य संपन्न करें और सीधे घर आएं। इन सबके बावजूद मान सम्मान तथा प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। अपनी योजनाओं को क्रियान्वित करने में पूर्ण तरह सफल रहेंगे। झगड़े विवाद तथा कोर्ट कचहरी से संबंधित मामले बाहर ही सुलझाएं।
धनु राशि
राशि से सप्तम दांपत्य भाव में गोचर करते हुए सूर्य मिलाजुला फल प्रदान करेंगे। कार्य व्यापार में उन्नति तो होगी ही नए समझौतों पर भी हस्ताक्षर कर सकते हैं। जमीन-जायदाद से जुड़े मामले हल होंगे। शादी विवाह से संबंधित वार्ता में थोड़ा और विलंब हो सकता है। ससुराल पक्ष से रिश्ते बिगड़ने न दें। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में किसी भी तरह के सरकारी टेंडर के लिए आवेदन करना चाह रहे हों तो ग्रह-गोचर अनुकूल रहेगा। शिक्षा प्रतियोगिता में आशातीत सफलता मिलेगी।
मकर राशि
राशि से छठे शत्रु भाव में गोचर करते हुए सूर्य हर तरह से बेहतरीन सफलता दिलाएंगे शत्रु परास्त होंगे,योजनाएं फलीभूत होंगे। झगड़े विवाद से संबंधित मामले भी हल होंगे किंतु इस अवधि के मध्य किसी को भी अधिक धन उधार के रूप में न दें अन्यथा आर्थिक हानि का सामना करना पड़ेगा। विद्यार्थियों के लिए समय और अनुकूल रहेगा। विदशी कंपनियों में नौकरी अथवा में विदेश में पढ़ाई के लिए प्रयास कर रहे हों तो उस दृष्टि से भी ग्रह अनुकूल रहेंगे। ननिहाल पक्ष से रिश्ते बिगड़ने न दें।
कुंभ राशि
राशि से पंचम विद्याभाव में गोचर करते हुए सूर्य कई मामलों में बेहतरीन सफलता दिलाने वाले रहेंगे। शोधपरक एवं आविष्कारक कार्यों में लगे हुए लोगों के लिए तो इनका प्रभाव किसी वरदान से कम नहीं है। विद्यार्थियों के लिए भी समय अनुकूल रहेगा। संतान के दायित्व की पूर्ति होगी। नव दंपति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के योग। प्रेम संबंधी मामलों में उदासीनता रहेगी। यहां तक कि प्रेम विवाह का निर्णय भी ले चुके हों तो थोड़ा सा ठहर जाएं। शासन सत्ता का पूर्ण सहयोग मिलेगा।
मीन राशि
राशि से चतुर्थ सुखभाव में गोचर करते हुए सूर्य का प्रभाव बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता। किसी न किसी कारण से पारिवारिक कलह एवं मानसिक अशांति का सामना करना पड़ेगा। यात्रा सावधानीपूर्वक करें,सामान भी चोरी होने से बचाएं। जमीन जायदाद से संबंधी विवादों में न उलझें। माता पिता के स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें। कार्य व्यापार में उन्नति होगी। कोई भी नया व्यापार आरंभ करना हो अथवा किसी नए अनुबंध पर हस्ताक्षर करना हो तो उस दृष्टि से ग्रहफल अनुकूल रहेगा।
Next Story