धर्म-अध्यात्म

जाने क्यों चमेली का पौधा घर में लगाना शुभ माना जाता है

Kiran
26 Jun 2023 12:17 PM GMT
जाने क्यों चमेली का पौधा घर में लगाना शुभ माना जाता है
x
पौधे पर्यावरण के ही नहीं मनुष्य के भी मित्र हैं। ये प्रकृति का संतुलन बनाए रखते हैं और मानव का जीवन संवारते हैं। वास्तु के अनुसार घर में भी पौधे लगाए जा सकते हैं। अगर कुछ पौधों को नियमानुसार लगाया जाए तो वे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। पेड़-पौधे भी हमारे जीवन का अविभाज्य अंग हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि वास्तु में पेड़-पौधों का खास महत्व है। वास्तु के अनुरूप लगे पेड़-पौधे हमें सुख-समृद्घि प्रदान करते हैं। आइये जानते हैं पेड़-पौधे किस तरह वास्तु में अपना महत्व रखते हैं।
* घर में नकली गुलाब के फूल आदि कुछ स्थानों पर रखे जा सकते हैं लेकिन नकली पौधे न लगाएं। ये सकारात्मक ऊर्जा लाने में सहायक नहीं होते।
* मोगरा यानी चमेली का पौधा घर में लगाना शुभ रहता है। ये पौधे मन को आनंदित करने वाली खुशबू तो देते ही हैं, पूजा में भी काम आते हैं। मोगरा के फूलों की माला गूंथकर उसे पूजा स्थल की सजावट के भी काम में लाया जा सकता है। नीले व लाल रंग के कमल के फूल का भी ऐसा ही प्रभाव माना जाता है।
* वास्तु के लिहाज से माना जाता है कि तुलसी के पौधों से होकर आने वाली वायु में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ जाती है साथ ही ये शुद्ध व स्वास्थ्यवर्धक भी हो जाती है।
* वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में मनी प्लांट लगाना शुभ होता है। ज्योतिष के अनुसार मनी प्लांट शुक्र ग्रह का कारक है। शुक्र की उपस्थिति में पति-पत्नी के संबंध मधुर होते हैं।
* यदि घर की दीवार या आंगन आदि स्थानों पर पीपल का वृक्ष उगे तो उसे काट कर नहीं फेंकना चाहिए। इसके बजाय भगवान विष्णु को नमन कर उसे मिट्टी सहित निकाल लें और किसी पात्र में लगा दें। बाद में इसे घर से दूर अन्यत्र स्थान पर लगा दें।
* कांटेदार पौधों को घर में कभी नहीं लगाना चाहिए क्योंकि ऐसे पौधे नकारात्मक ऊर्जा के वाहक होते हैं। खासकर कैक्टस तो बिल्कुल भी नहीं। इनकी घर में उपस्थिति अशुभ मानी जाती है। अगर आपके घर में कोई कांटेदार पौधा है भी, तो उसे तुरंत उखाड़ फेंकें।
* बेडरूम में किसी भी तरह के पौधे लगाने से बचना चाहिए। इससे मैरिड लाइफ पर बुरा असर पड़ सकता है।
* तुलसी का पौधा लगाने से आसपास का वातावरण कीटाणु रहित हो जाता है। इसे घर के उत्तर-पूर्व व पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। इसे घर के आंगन (ब्रह्म स्थान) में भी लगाया जा सकता है। तुलसी का पौधा औसतन 10 पेड़ों के बराबर ऑक्सीजन छोड़ता है। इस पौधे का औषधीय व आध्यात्मिक महत्व भी है।
Next Story