धर्म-अध्यात्म

जानिए अप्रैल में सभी 9 ग्रहों का होगा राशि परिवर्तन

Tara Tandi
31 March 2022 2:55 AM GMT
जानिए अप्रैल में सभी 9 ग्रहों का होगा राशि परिवर्तन
x

जानिए अप्रैल में सभी 9 ग्रहों का होगा राशि परिवर्तन  

साल 2022 का चौथा महीना अप्रैल जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इस बार 02 अप्रैल शनिवार से हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2079 आरंभ होगा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। साल 2022 का चौथा महीना अप्रैल जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इस बार 02 अप्रैल शनिवार से हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2079 आरंभ होगा। चैत्र का महीना हिंदू नववर्ष का पहला महीना माना जाता है और चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से नववर्ष शुरू हो जाता है। धर्म और ज्योतिष के नजरिए अप्रैल का महीना बहुत ही खास रहने वाला है। इस अप्रैल के महीने में सभी 09 ग्रहों का राशि परिवर्तन का दुर्लभ संयोग देखने को मिलेगा। अप्रैल के महीने में ही साल 2022 का पहला सूर्य ग्रहण देखने को मिलेगा। 01 अप्रैल को चैत्र अमावस्या तिथि है जिसमें पितरों का तर्पण, दान और स्नान का विशेष महत्व होता है। 01 अप्रैल को ही हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2078 खत्म हो जाएगा और उसके दूसरे दिन ही विक्रम संवत2079 शुरू हो जाएगा। इस नए विक्रम संवत 2079 के राजा शनि और मंत्री देवगुरु बृहस्पति होंगे। 02 अप्रैल को ही चैत्र नवरात्रि प्रारंभ हो जाएगी और इसी दिन गुड़ी पड़वा का त्योहार मनाया जाएगा। इस बार चैत्र नवरात्रि पूरे 9 दिनों तक मनाई जाएगी। शनिवार के दिन चैत्र नवरात्रि शुरू होने के कारण मां दुर्गा घोड़े पर सवार होकर पृथ्वी पर 09 दिनों के लिए वास करेंगी।

अप्रैल में सभी 9 ग्रहों का होगा राशि परिवर्तन
ज्योतिष नजरिए से इस बार अप्रैल का महीना बहुत ही विशेष रहने वाला होगा। अप्रैल में सभी 9 ग्रहों का राशि परिवर्तन होगा जो अपने में विशेष ज्योतिषीय घटना है। इस तरह का संयोग सैकड़ो सालों में होता है। सबसे पहले 7 अप्रैल को मंगल ग्रह का राशि परिवर्तन होगा। 8 अप्रैल को बुध ग्रह मीन से मेष राशि में आ जाएंगे। 12 अप्रैल को राहु मेष राशि में और केतु तुला राशि में प्रवेश करेंगे। इसके बाद 13 अप्रैल को गुरु ग्रह कुंभ राशि से स्वयं की राशि मीन में प्रवेश करेंगे। 14 अप्रैल को सूर्य मीन राशि की अपनी यात्रा को छोड़कर मेष राशि में प्रवेश कर जाएंगे। 27 अप्रैल को शुक्र कुंभ राशि में आ जाएंगे और 29 अप्रैल को शनि मकर से कुंभ राशि में गोचर करेंगे। वहीं चंद्रमा करीब हर ढाई दिनों में राशि बदल लेते हैं।
14 अप्रैल को खरमास होगा खत्म
ज्योतिष के अनुसार जब सूर्य मीन राशि में होते हैं तब खरमास लग जाता है। 14 अप्रैल को सूर्य मेष राशि में चले जाएंगे और इसी के साथ खरमास खत्म हो जाएगा। खरमास के खत्म होने पर सभी तरह के मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे।
16 अप्रैल को हनुमान जयंती
चैत्र पूर्णिमा पर हर वर्ष हनुमान जयंती मनाई जाती है। ऐसे में 16 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन से वैशाख महीने का स्नान और ध्यान शुरू हो जाएगा।
30 अप्रैल को सूर्य ग्रहण
अप्रैल महीने के आखिरी दिनों में साल का पहला सूर्य ग्रहण लगेगा। ये सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा जिसके कारण इसका सूतककाल मान्य नहीं होगा।


Next Story