- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- धर्म-अध्यात्म
- /
- काल भैरव जयंती 2026:...
धर्म-अध्यात्म
काल भैरव जयंती 2026: तिथि, पूजा मुहूर्त और काले कुत्ते की सेवा का महत्व
Tara Tandi
26 Nov 2026 5:23 PM IST

x
Kaal Bhairav Jayanti 2026 ज्योतिष न्यूज़: हिंदू धर्म में भगवान काल भैरव को महादेव का उग्र और शक्तिशाली रूप माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान काल भैरव का प्राकट्य हुआ था। इसी उपलक्ष्य में हर साल भैरव जयंती मनाई जाती है, जिसे काल भैरव अष्टमी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन विधि-विधान से काल भैरव की आराधना करने के साथ कुत्तों को भोजन कराने का विशेष महत्व बताया गया है। आइए जानते हैं साल 2026 में काल भैरव जयंती कब मनाई जाएगी और पूजा के लिए कौन-सा समय शुभ रहेगा।
काल भैरव जयंती 2026 की तारीख
भगवान काल भैरव के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाने वाली भैरव जयंती इस साल 1 दिसंबर 2026, मंगलवार को पड़ेगी। इस दिन रात के निशिता काल में भगवान काल भैरव की पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है।
अष्टमी तिथि आरंभ: 1 दिसंबर, रात 12:11 बजे
अष्टमी तिथि समाप्त: 1 दिसंबर, रात 11:13 बजे
काल भैरव जयंती 2026 के शुभ मुहूर्त
काल भैरव जयंती पर पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों के लिए दिनभर कई शुभ समय रहेंगे। इस दिन के प्रमुख मुहूर्त इस प्रकार हैं:
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:08 बजे से 6:02 बजे तक। इस समय स्नान आदि से निवृत्त होकर पूजा और व्रत का संकल्प लिया जा सकता है।
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:49 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक।
निशिता मुहूर्त: रात 11:43 बजे से 12:38 बजे तक।
कौन हैं भगवान काल भैरव?
पौराणिक मान्यताओं में भगवान काल भैरव को समय का अधिपति और भक्तों के भय का नाश करने वाला देवता बताया गया है। उन्हें भगवान शिव का रौद्र स्वरूप माना जाता है। काशी में काल भैरव को नगर का कोतवाल कहा जाता है और मान्यता है कि उनकी कृपा से भक्तों को सुरक्षा, साहस और संकटों से मुक्ति मिलती है। उनकी उपासना को नकारात्मक शक्तियों और भय से बचाव के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
काल भैरव जयंती पर काले कुत्ते को रोटी खिलाने का महत्व
भगवान काल भैरव की प्रतिमाओं और धार्मिक चित्रों में उन्हें कुत्ते के साथ दर्शाया जाता है। धार्मिक परंपरा में कुत्ते को उनका वाहन माना गया है। विशेष रूप से काले कुत्ते को भोजन कराना इस दिन पुण्यकारी माना जाता है। इसलिए भैरव जयंती पर श्रद्धालु काले कुत्ते को रोटी या अन्य भोजन खिलाते हैं।
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, कुत्ते को भोजन कराने से शनि और राहु से संबंधित अशुभ प्रभावों में कमी आ सकती है। ऐसा भी माना जाता है कि इस सेवा से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और भगवान काल भैरव की कृपा प्राप्त होती है।
काल भैरव जयंती पर कैसे करें पूजा और सेवा?
इस पावन अवसर पर सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें और भगवान काल भैरव के सामने दीपक जलाकर पूजा करें। उन्हें श्रद्धापूर्वक फूल और अन्य पूजा सामग्री अर्पित करें। इसके बाद काल भैरव के मंत्रों का जाप करें। अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को अन्न या अन्य वस्तुओं का दान करें। इस दिन कुत्तों को रोटी या भोजन कराकर उनकी सेवा करना भी शुभ माना जाता है।
Next Story





