धर्म-अध्यात्म

Jodhpur: महा शिवरात्रि पर होंगे चार प्रहर पूजन

Admindelhi1
14 Feb 2026 8:27 PM IST
Jodhpur: महा शिवरात्रि पर होंगे चार प्रहर पूजन
x
"रविवार को महा शिवरात्रि, चार प्रहर में होंगे पूजन"

जोधपुर: फाल्गुन मास में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर रविवार को महा शिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस दिन भगवान शिव की पूजा, रुद्राभिषेक होंगे व रात्रि में भी चारों प्रहर पूजन-रुद्राभिषेक, शिव ब्यावला का वाचन होगा। महा शिवरात्रि के दिन श्रद्धालु व्रत रखेंगे व विधि-विधान से शिव-गौरी की पूजा करेंगे।

महाशिवरात्रि पर्व पर इस बार ग्रहों के विशेष संयोग बन रहे हैं। इस बार चतुर्ग्रही योग के साथ महाशिवरात्रि पर सर्वार्थ सिद्धि योग, शुक्रादित्य योग और श्रवण नक्षत्र का दुर्लभ संयोग बन रहा है। मान्यता है कि इस दिन शिवलिंग पर बेलपत्र अर्पित करने से भगवान शिव जल्दी प्रसन्न होते हैं। जीवन में सभी प्रकार के कष्ट, बीमारी, पीड़ा, भय भी दूर होते हैं।

दरअसल हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि के पर्व को बहुत ही विशेष माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार महाशिवरात्रि का ही वो दिन था, जब भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती विवाह के बंधन में बंधे थे। महाशिवरात्रि पर ही भगवान ने माता पार्वती से विवाह कर गृहस्थ जीवन में कदम रखा था। इस बार कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि की शुरुआत 15 फरवरी को शाम 5.06 बजे होगी और 16 फरवरी को शाम 5.35 बजे तक रहेगी। इस बार महाशिवरात्रि के दिन सूर्य, शुक्र, राहु और बुध ग्रह की युति का विशेष चतुर्ग्रही योग बन रहा है। महाशिवरात्रि पर्व पर शहर के प्रमुख अचलनाथ, भूतनाथ, जागनाथ सहित सभी शिव मंदिरों व शिवालयों में पूरी रात चारों प्रहर रुद्राभिषेक व आरती होगी।

Next Story