भारत

मिस्र के कार्गो शिप पर हूती का अटैक, 4 की मौत

Subhi
12 Aug 2026 6:44 AM IST
मिस्र के कार्गो शिप पर हूती का अटैक, 4 की मौत
x
शिप पर हूती का अटैक

सना: यमन के हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में एक और जहाज पर हमला किया है। इस हमले में छह लोगों की मौत हो गई है। यमन सरकार ने मंगलवार को बताया कि हूतियों ने रेड सी में मिस्र के कार्गो जहाज तिहामा पर हमला किया, जिसमें तीन पाकिस्तानी और एक इंडोनेशियाई नागरिक की मौत हुई। अटैक में बचाव दल के भी दो लोगों की जान गई है। 28 फरवरी को ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद से शिपिंग पर हूती हमले में हुई मौतों का यह पहला मामला है।

यमन की ओर से कहा गया है कि हमले की चपेट में आने के बाद चालक दल का जहाज पर से नियंत्रण खत्म हो गया। यमन कोस्ट गार्ड ने बताया कि बचाव दल के पहुंचने के बाद हूती लड़ाकों ने कथित तौर पर दूसरा हमला किया। इस हमले में यमन की हूती-विरोधी नेशनल रेजिस्टेंस फोर्सेज के दो बचावकर्मी मारे गए।

इस घटना में दस लोग घायल हुए, जिनमें सात क्रू मेंबर, कोस्ट गार्ड के दो जवान और नेशनल रेजिस्टेंस फोर्सेज का एक सदस्य शामिल है। यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स ने बताया कि बाब अल-मंदेब स्ट्रेट में जहाज पर किसी अज्ञात चीज से हमला हुआ। मैरीटाइम सिक्योरिटी फर्म एम्ब्रे ने कहा कि यह घटना तब हुई जब जहाज पेरिम द्वीप के उत्तर-पूर्व में लंगर डाले था।

जहाज-ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि 11 अगस्त को जहाज यमन के मुराद के पास था। एम्ब्रे ने कहा कि हमला का शिकार हुआ तिहामा सऊदी स्वामित्व वाला या उनकी ओर से संचालित जहाज नहीं था। यह शनिवार को यमनी सरकार के कब्जे वाले बंदरगाह अल-मोखा से निकला था। LSEG डेटा में मिस्र की कंपनियों को जहाज का मालिक और मैनेजर बताया गया है।

20 जुलाई को हूतियों ने लाल सागर में सऊदी से जुड़े शिपिंग पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया और इसे हूतियों के कब्जे वाले इलाकों की सऊदी नाकाबंदी बताया। यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने सोमवार को कहा कि वह लगातार हूतियों के हमलों का जवाब देगी।

यमन की प्रेसिडेंशियल लीडरशिप काउंसिल के चेयरमैन रशद अल-अलीमी ने कहा कि सरकारी सेनाएं इस नई बढ़ोतरी का सामना करने के लिए बेहतर तरीके से तैयार हैं। हूतियों को सैन्य टकराव का समय और दायरा तय करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।


Next Story