- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- धर्म-अध्यात्म
- /
- स्वप्न शास्त्र: सपने...
धर्म-अध्यात्म
स्वप्न शास्त्र: सपने में दिखें ये 4 चीजें तो माना जाता है अशुभ संकेत
nidhi
27 Jun 2026 2:12 PM IST

x
स्वप्न शास्त्र के अनुसार ये सपने दे सकते हैं आने वाले बदलावों के संकेत
Swapna Shastra: सोते समय सपने देखना एक सामान्य मानवीय प्रक्रिया है, जिसे लोग केवल नींद में देखा गया दृश्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. विज्ञान जहां इसे अचेतन मन की हलचल और दबे हुए विचारों का परिणाम मानता है, वहीं भारतीय ज्योतिष और स्वप्न शास्त्र के अनुसार सपने हमारे भविष्य में होने वाली घटनाओं का पूर्वाभास या आईना होते हैं. शास्त्रों के अनुसार, कुछ सपने हमें आने वाले अच्छे समय का संकेत देते हैं, तो वहीं कुछ सपने जीवन में आने वाले संकट, धन हानि या शारीरिक कष्ट के प्रति सचेत करते हैं.
ऊंचाई से बार-बार गिरना
शास्त्र के अनुसार, यदि आप सपने में खुद को किसी ऊंचे पहाड़, बहुमंजिला इमारत या आसमान से नीचे गिरते हुए देखते हैं और डरकर आपकी नींद खुल जाती है, तो इसे शुभ नहीं माना जाता. यह सपना मान-प्रतिष्ठा में कमी, करियर में बड़ी रुकावट या संचित धन की हानि का संकेत देता है. यह इस बात का भी संकेत हो सकता है कि आपकी सेहत में अचानक गिरावट आने वाली है.
काले सांप का डसना
सपने में सांपों का दिखना अलग-अलग परिस्थितियों पर निर्भर करता है, लेकिन यदि आपको कोई काले रंग का सांप काटता हुआ दिखाई दे तो सावधान रहने की आवश्यकता होती है. स्वप्न शास्त्र के अनुसार, यह किसी गंभीर बीमारी, अचानक होने वाली दुर्घटना या आपके किसी बहुत करीबी व्यक्ति द्वारा किए गए धोखे की ओर इशारा करता है. यह आपके बनते हुए कार्यों में आने वाली बड़ी बाधाओं का भी प्रतीक है.
दांतों का टूटना या बाल झड़ना
यदि आप सपने में देखते हैं कि आपके दांत टूटकर गिर रहे हैं या आपके सिर के बाल तेजी से झड़ रहे हैं, तो सुबह उठकर इसे नजरअंदाज न करें. इस तरह के सपनों का बार-बार आना परिवार में किसी वृद्ध या करीबी सदस्य के स्वास्थ्य में गंभीर संकट का संकेत माना जाता है. यह मानसिक तनाव और बड़े आर्थिक नुकसान का भी सूचक है.
सूखे पेड़ या उजाड़ जगह देखना
सपने में किसी ऐसे बगीचे या जंगल को देखना, जहां सारे पेड़ सूख चुके हों, या किसी सुनसान, उजाड़ खंडहर में खुद को खड़ा पाना भी अशुभ माना जाता है. यह जीवन में आने वाली दरिद्रता, मानसिक अकेलेपन और चल रहे व्यापार या नौकरी में भारी मंदी का संकेत देता है.
Next Story





