धर्म-अध्यात्म

Diwali : घर में न रखें ये अशुभ चीजें, रूठ जाती हैं मां लक्ष्मी

Shiddhant Shriwas
25 Oct 2021 5:50 AM GMT
Diwali : घर में न रखें ये अशुभ चीजें, रूठ जाती हैं मां लक्ष्मी
x
प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास की अमावस्या को दीवाली का त्योहार मनाया जाता है। इस साल 4 नवंबर 2021 को दिवाली मनाई जाएगी।

प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास की अमावस्या को दीवाली का त्योहार मनाया जाता है। इस साल 4 नवंबर 2021 को दिवाली मनाई जाएगी। पूरे देश में इसको लेकर पहले से तैयारियां शुरु हो जाती हैं। दिवाली से पहले लोग अपने घरों की अच्छे से सफाई करते हैं, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि घर की सफाई के बाद भी कुछ चीजें ऐसी रह जाती हैं जिनके होने से हमारे जीवन पर बुरा प्रभाव पड़ता है। घर में कुछ अशुभ चीजों के रहने से मां लक्ष्मी का वास नहीं होता है और हमेशा धन की कमी बनी रहती है। आइए जानते हैं कि वो कौन सी चीजें हैं जिन्हें कि घर में नहीं रखना चाहिए....

चटका या टूटा हुआ कांच घर में रखना अशुभ माना जाता है। कहा जाता है कि कांच की टूटी हुई चीजों से घर में निगेटिव एनर्जी आती है। ऐसे में अगर आपके घर में भी कहीं खिड़की, बल्ब या फेस मिरर का कांच टूटा हुआ या चटका भी हो तो उसे इस बार दिवाली की सफाई में बदलवा दें।

दीवार पर टांगने वाली घड़ी हो या कलाई में पहनने वाली, इसका बंद होना अशुभ माना जाता है। घड़ी को सुख और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। कहा जाता है कि घड़ी के बंद होने से किस्मत भी बंद हो जाती है। अगर आपके घर में भी बंद घड़ी पड़ी हुई है तो उसे दिवाली से पहले बाहर फेंक दें।

घर में कभी भी देवी देवताओं की टूटी मूर्ति नहीं रखनी चाहिए। माना जाता है कि ऐसी मूर्तियां घर में दुर्भाग्य लाती हैं। ऐसे में अगर आपके घर में भी टूटी या पूरानी मूर्तियां हैं तो इस दिवाली सफाई करने के साथ ही भगवान की नई मूर्ति घर के मंदिर में स्थापित करें और पुरानी मूर्ति को कहीं विसर्जित कर दें।

अगर आपने घर में फटे-पुराने जूते चप्पल को अभी तक रखा है तो दिवाली की सफाई करते समय उन्हें बाहर निकाल दें। कहा जाता है कि फटे जूते और चप्पल घर में नकारात्मकता और दुर्भाग्य लाते हैं।

ऐसा माना जाता है कि रसोई में कभी भी टूटे हुए बर्तन नहीं रखने चाहिए और न ही किसी को टूटे बर्तन में खाना परोसना चाहिए। टूटे बर्तनों को घर में रखना अशुभ माना जाता है। ऐसे बर्तनों में खाना खाने से घर में दरिद्रता बढ़ती है। तो इस दिवाली सफाई के दौरान अपने घर से टूटे या चटके हुए बर्तनों को बाहर निकाल दें।

Next Story