धर्म-अध्यात्म

छठ महापर्व: पहले दिन कद्दू-भात खाने की परंपरा और फायदे

Tara Tandi
9 Nov 2026 7:51 PM IST
छठ महापर्व: पहले दिन कद्दू-भात खाने की परंपरा और फायदे
x
नई दिल्ली: छठ महापर्व हिंदू धर्म के सबसे कठिन और पवित्र व्रतों में से एक माना जाता है। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित होता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाल जीवन की कामना के लिए कठिन नियमों का पालन करती हैं।
छठ पूजा की शुरुआत नहाय-खाय की परंपरा से होती है। इस दिन व्रती महिलाएं स्नान करने के बाद सबसे पहले कद्दू-भात का सेवन करती हैं।
अक्सर मन में सवाल आता है कि लौकी भात का सेवन करना छठ पूजा में जरूरी क्यों माना जाता है? आइए आपको बताते हैं नहाय-खाय पर कद्दू-भात खाने की परंपरा के पीछे क्या रहस्य है और यह जरूरी क्यों माना जाता है।
छठ पूजा 2026 कब है नहाय-खाय ?
इस साल 2026 में छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर, शुक्रवार से हो रही है जिसमें पहले दिन ही नहाय-खाय के साथ होगी। इस दिन व्रती महिलाएं सुबह जल्दी उठकर स्नान करती हैं और घर की साफ-सफाई करती हैं।
इस दौरान पूरे घर में शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। नहाय-खाय के दिन से ही छठ व्रत के कठोर नियमों का पालन शुरू हो जाता है और इसी दिन नहाय-खाय की रस्म निभाई जाती है।
नहाय-खाय पर कद्दू-भात खाने की परंपरा क्यों है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ महापर्व में शुद्धता का विशेष महत्व होता है और खाने की कोई भी सामग्री बनाते समय शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। नहाय-खाय के दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल से बना भोजन तैयार किया जाता है।
इस दिन कद्दू और भात खाना जरूरी इसलिए माना जाता है क्योंकि इसे सात्विक भोजन माना जाता है और इसमें लहसुन और प्याज का इस्तेमाल नहीं होता है। चूंकि सात्विक भोजन से तन और मन की शुद्धता बनी रहती है और व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा के साथ व्रत की शुरुआत करती हैं। इसी वजह से नहाय-खाय में कद्दू और भात खाना जरूरी होता है।
कठिन व्रत के लिए शरीर को तैयार करना
छठ पूजा में महिलाएं 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास करती हैं। इस वजह से व्रत शुरू करने से पहले यदि महिलाएं हल्का भोजन करती हैं, तो उन्हें व्रत करने में आसानी होती है और हल्का भोजन आसानी से पांच भी जाता है, जिससे उनकी सेहत पर भी कोई बुरा असर नहीं होता है।
यही नहीं कद्दू में पानी की मात्रा भी भरपूर होती है, इसी वजह से व्रत शुरू करने से पहले पानी की अच्छी मात्रा भी शरीर में जाती है और 36 घंटे के उपवास के बाद शरीर में ज्यादा पानी की कमी नहीं महसूस होती है।
इस तरह नहाय-खाय के दिन व्रत शुरू करने के पहले हल्का भोजन करना अत्यंत लाभदायक माना जाता है और धार्मिक कारणों के अलावा इससे शरीर को भी ऊर्जा मिलने में मदद होती है।
Next Story