
रायगढ़। जिले में दो अलग-अलग मामलों में अज्ञात चोरों ने कुल 2 लाख 10 हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। दोनों परिवार घर में ताला लगाकर त्योहार मनाने बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर कैश और जेवरात पार कर दिए। मामले में संबंधित थानों में अपराध दर्ज किया गया है।
पहला मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। मिट्ठुमुड़ा के रहने वाले शिव कुमार साव (42) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे पीडी कॉमर्स कॉलेज में चपरासी के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार की सुबह वह परिवार के साथ बड़े भंडार त्योहार मनाने गए थे। सोमवार को घर लौटने पर देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉकर तोड़ा गया था और उसमें रखे 80 हजार रुपए कैश और 1 लाख 20 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। आसपास पूछताछ करने पर कोई जानकारी नहीं मिलने पर शिव कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। रामभांठा के रहने वाले अनिल कुजूर (52) जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में कार्यरत हैं। 26 दिसंबर को अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने गृह ग्राम बासाडीह (जिला जशपुर) गए थे। अगले दिन उनके मकान मालिक ने बताया कि मकान का ताला टूटा है। वापस लौटकर उन्होंने देखा कि अलमारी का लॉकर टूटा हुआ है और उसमें रखे लगभग 90 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए हैं। इसके बाद अनिल कुजूर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। फिलहाल, पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।





