अन्य

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मिलने के लिए फफक पड़ी महिला, पुलिस ने दिया मुलाकात का आश्वासन

jantaserishta.com
12 Aug 2024 8:26 AM IST
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मिलने के लिए फफक पड़ी महिला, पुलिस ने दिया मुलाकात का आश्वासन
x
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को मैनपुरी दौरे पर रहे। इस दौरान एक महिला डिप्टी सीएम से मिलने की जिद पर अड़ गई। महिला अपनी समस्या से अवगत कराने के लिए ब्रजेश पाठक से मिलना चाहती थी। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वो फूट-फूट कर रोने लगी। महिला के साथ उसके मामा भी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मिलने के लिए पहुंचे थे।
उनको मिलने से रोका गया तो हंगामा शुरू हो गया। काफी देर तक हंगामा चलने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात का आश्वासन मिलने पर मामला शांत हुआ। वहीं, मैनपुरी दौरे पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने सीएमओ की क्लास लगा दी। कोविड काल के समय के भुगतान के लिए स्वास्थ्य कर्मी सीएमओ ऑफिस पहुंचे थे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने सीएमओ को जल्द भुगतान कराने के सख्त निर्देश दिए।
बता दें कि उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करहल विधानसभा सीट की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को सौंपी है। इसी के चलते वो रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गढ़ करहल पहुंचे थे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति तैयार की।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि ''करहल विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीतने जा रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जो कल्याणकारी योजनाएं हैं ,वो जन-जन तक पहुंची हैं। भाजपा इस बार करहल में प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी।''
उन्होंने कहा कि करहल विधानसभा सीट पर प्रत्याशी अभी तय नहीं हुआ है। हमारी पार्टी को अभी इस पर फैसला लेना है। जैसे ही उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगेगी, तो मीडिया के माध्यम से जानकारी दी जाएगी।
गौरतलब है कि अखिलेश यादव 2024 लोकसभा चुनाव में कन्नौज लोकसभा सीट से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। कन्नौज से सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने विधायकी से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से यह सीट खाली है। इस पर यूपी की अन्य रिक्त नौ विधानसभा सीटों के साथ उपचुनाव होना है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story