अन्य

ड्रोन के माध्यम से भी जंगली जानवरों पर रखी जाए नजर: सीएम धामी

jantaserishta.com
20 July 2024 8:52 AM IST
ड्रोन के माध्यम से भी जंगली जानवरों पर रखी जाए नजर: सीएम धामी
x
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में उत्तराखंड राज्य वन्यजीव बोर्ड की 20वीं समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने एवं इस संघर्ष में मृतकों के परिजनों और घायलों को यथाशीघ्र सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही जंगलों के निकटवर्ती स्थान, जो बायोफेंसिंग से वंचित रह गए हैं, उन स्थानों को अतिशीघ्र बायोफेंसिंग से आच्छादित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि मानव वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम हेतु चिन्हित हॉट स्पॉट क्षेत्रों में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए एवं वन कर्मियों को पर्याप्त उपकरण दिए जाएं। ड्रोन के माध्यम से भी जंगली जानवरों पर नजर रखी जाए। जिन प्रभागों में मानव वन्यजीव संघर्ष के ज्यादा मामले आ रहे हैं, उन स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए। प्रदेश में मानव वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम हेतु वित्तीय वर्ष 2023-24 में आधुनिक उपकरणों के क्रय हेतु वन प्रभागों को 10.50 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में प्रस्तावित जू एंड सफारी के मास्टर प्लान हेतु जल्द डीपीआर बनाने, राजाजी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत चौरासी कुटिया का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकास एवं उच्चीकरण अतिशीघ्र पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही राज्य में वन्य जीव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु नेशनल पार्कों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए वाइल्डलाइफ आधारित डॉक्यूमेंट्री, फिल्म बनाने के निर्देश दिए। विभिन्न स्थानों पर बर्ड वाचिंग कैंप के आयोजन करने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में प्रस्तावित विकास योजनाओं को नियमों के दायरे में रहकर जल्द पूरा किया जाए, ताकि आमजन को सहूलियत मिल सके। बैठक में बताया गया कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के लिए नेशनल बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ से स्वीकृति मिल चुकी है। जनपद-पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड यमकेश्वर में किमसार-भोगपुर मोटर रोड के लिए नेशनल बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ से स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इसका निर्माण जल्द किया जाएगा। साथ ही नौ सालों से लंबित राजाजी टाइगर रिजर्व के लिए टाइगर कंजरवेशन फॉउंडेशन का गठन कर लिया गया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story