अन्य
वडनगर को मिला संग्रहालय, लोगों ने कहा - 'पीएम मोदी के जन्म स्थान को मिल रही नई पहचान'
jantaserishta.com
17 Jan 2025 8:28 AM IST

x
वडनगर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मेहसाणा के वडनगर में गुरुवार को विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया, जिसमें 298 करोड़ की लागत से निर्मित 'पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय' भी शामिल है।
दरअसल, यह देश में विकसित अपनी तरह का पहला ऐसा संग्रहालय है, जहां विजिटर्स को पुरातात्विक स्थल का अनुभव होगा। इस संग्रहालय में मिट्टी के बर्तनों, शंख निर्माण (उत्पाद और कच्चा माल), सिक्के, आभूषण, हथियार और औजार, मूर्तियां तथा कंकाल अवशेषों से संबंधित लगभग 5,000 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
वडनगर संग्रहालय के उद्घाटन पर स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की। वर्षा बेन पटेल ने कहा, "मैं पीएम मोदी का आभार व्यक्त करती हूं। उनकी वजह से वडनगर का नाम देश-विदेश तक फैल रहा है। आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई योजनाओं का उद्घाटन किया, जिससे यहां का काफी कायाकल्प हुआ है।"
स्थानीय निवासी कनक सिंह ने कहा, "वडनगर में आज कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है, जिसका फायदा पूरे गुजरात को होगा। प्रेरणा स्कूल के कायाकल्प से पूरे देश के बच्चे यहां से प्रेरणा लेने आएंगे।"
प्रवीण सिंह ने वडनगर को मिली सौगात पर कहा, "वडनगर को पीएम मोदी के जन्म स्थल के रूप में जाना जाता है। यह शहर सात बार बना और इतनी ही दफा इसे तबाह भी किया गया। यह शहर ऐतिहासिक रूप से भी काफी अहम है। आज संग्रहालय समेत कई योजनाओं का उद्घाटन किया गया है, जिससे यहां के लोगों को काफी लाभ मिलेगा।"
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संग्रहालय से जुड़ी कुछ तस्वीरों को अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया। उन्होंने लिखा, "वडनगर देश के उन प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थलों में से एक है, जहां आज भी हमारी प्राचीन सभ्यता के अवशेष प्राप्त होते हैं। आज वडनगर में 298 करोड़ की लागत से निर्मित 'पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय' का उद्घाटन किया। संग्रहालय भवन और उत्खनन परिसर - दो भागों में विभाजित इस स्थल पर आने वाले दिनों में देश-विदेश के इतिहासकारों, शोधकर्ताओं और संस्कृति प्रेमियों को हमारी सभ्यता को जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही, यह स्थल मोदी जी के 'विकास भी, विरासत भी' के संकल्प को साकार करते हुए युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराएगा।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





