अन्य
उत्तर प्रदेश : गोंडा में हीट वेव का अलर्ट, आसमान से बरस रही आफत
jantaserishta.com
17 May 2025 8:33 AM IST

x
गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भीषण गर्मी और हीट वेव ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने जिले में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते पशु-पक्षियों से लेकर आम आदमी तक के लिए संकट की स्थिति बन गई है।
शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया। आवश्यक कार्यों से बाहर निकलने वाले लोग सावधानी बरत रहे हैं। सड़कों पर लोग या तो चेहरा कपड़ों से ढककर चल रहे हैं या हेलमेट का सहारा ले रहे हैं, ताकि लू और तेज धूप से बचा जा सके।
बढ़ती गर्मी और तेज हवाओं ने लोगों को तरल पदार्थों की ओर आकर्षित किया है। सड़क किनारे लगे रेड़ी और ठेले वालों पर भीड़ उमड़ रही है, जहां लोग नींबू पानी, गन्ने का रस और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गोंडा में हीट वेव का प्रकोप जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
इस बीच, गोंडा के बाबू ईश्वरशरण सिंह जिला अस्पताल में मानवता की मिसाल देखने को मिली। अस्पताल परिसर में बने एक मंदिर की देखभाल करने वाले व्यक्ति ने गर्मी से राहत देने के लिए चार से पांच पानी की टंकियां रखी हैं। ये टंकियां अस्पताल में आने-जाने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और अन्य लोगों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। इस नेक काम को देखकर लोग उनकी प्रशंसा कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गर्म पछुआ हवाओं के कारण तापमान में और वृद्धि की चेतावनी जारी की है। हालांकि, 17 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है। 17 मई को पश्चिमी विक्षोभ के हल्के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





