ओमान में यूएसवी से तेल टैंकर पर हमला, भारतीय नागरिक की मौत

मस्कट: अमेरिका-इजरायल और ईरान संघर्ष के बीच सोमवार को ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर को निशाना बनाया गया। इस हमले में भारत को पहली क्षति झेलनी पड़ी। घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई।
ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “एमकेडी व्योम पर सवार एक भारतीय नागरिक के दुखद निधन पर दूतावास गहरी संवेदना व्यक्त करता है। दूतावास ओमान के स्थानीय अधिकारियों के साथ घनिष्ठ समन्वय में है, ताकि जहाज पर मौजूद हमारे नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित की जा सके।”
दूतावास ने आगे कहा, “हम इस मामले में हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” ओमान की आधिकारिक समाचार एजेंसी के अनुसार, मार्शल द्वीप गणराज्य के झंडे वाले तेल टैंकर एमकेडी व्योम पर ओमान सल्तनत के तट से लगभग 52 समुद्री मील दूर एक मानव रहित सतही जहाज (यूएसवी) से हमला किया गया।
रिपोर्ट में कहा गया कि जहाज पर लगभग 59,463 मीट्रिक टन कार्गो था। हमले के कारण मुख्य इंजन कक्ष में आग और विस्फोट हुआ, जिससे भारतीय नागरिकता वाले एक क्रू सदस्य की मौत हो गई।
समुद्री सुरक्षा केंद्र के समन्वय से टैंकर के 21 चालक दल के सदस्यों में 16 भारतीय, चार बांग्लादेशी और एक यूक्रेनी नागरिक को पनामा के झंडे वाले वाणिज्यिक जहाज एमवी सैंड के जरिए सुरक्षित निकाला गया। इसके साथ ही, ओमान की रॉयल नेवी का एक जहाज क्षतिग्रस्त टैंकर पर नजर रखे हुए है और उसी समुद्री क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को आवश्यक नेविगेशनल वॉर्निंग जारी कर रहा है।
इससे पहले दिन में, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से फोन पर बातचीत की। इस दौरान क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और उसके सुरक्षा और स्थिरता पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा हुई।
ओमान के विदेश मंत्रालय ने कहा, “बातचीत में तनाव को तुरंत रोकने पर जोर दिया गया, ताकि संकट को नियंत्रित किया जा सके और सुरक्षा के साथ स्थिरता को बढ़ावा दिया जा सके।”
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।





