अन्य
झारखंड में वाम आंदोलन से उपजी दो पार्टियां हुईं एक, ‘इंडिया’ गठबंधन की बढ़ाएंगी ताकत
jantaserishta.com
11 Aug 2024 9:30 AM IST

x
रांची: झारखंड में वाम आंदोलन का गहरा प्रभाव रहा है और राज्य की सियासत में भी वाम पार्टियां अपनी ताकत दिखाती रही हैं। अब ये पार्टियां एक बार फिर संगठनात्मक एकजुटता की दिशा में पहल कर रही हैं।
इसी कड़ी में शनिवार को दो पार्टियों सीपीआई (एमएल) और एमसीसी (मार्क्सवादी को-ऑर्डिनेशन कमेटी) का एकीकरण हो गया। दोनों पार्टियों की केंद्रीय कमेटियों की साझा बैठक के बाद एमसीसी के सीपीआई एमएल में विलय का ऐलान किया गया।
सीपीआई एमएल के पोलित ब्यूरो सदस्य सांसद राजाराम सिंह, मासस के कार्यकारी अध्यक्ष अरूप चटर्जी, हलधर महतो, मिथिलेश सिंह, मनोज भक्त और जनार्दन प्रसाद ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
नेताओं ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि देश कॉर्पोरेट लूट, अति विकेंद्रीकरण और देश की बहुरंगी सांस्कृतिक-सामाजिक मूल्यों के खिलाफ संघी हमलों से जूझ रहा है। ऐसे में एमसीसी का सीपीआई एमएल के साथ विलय फासीवाद विरोधी आंदोलन को नई ताकत देगा।
बताया गया कि एकीकृत पार्टी आगामी 24 सितंबर को धनबाद में एकता रैली आयोजित करेगी। नेताओं ने कहा कि दोनों दल एक ही दौर में उभरे। 70 के दशक में जहां चारू मजूमदार के नेतृत्व में नक्सलबाड़ी में किसानों का संघर्ष प्रारंभ हुआ, वहीं दूसरी तरफ धनबाद में कोयला मजदूरों और विस्थापितों का आंदोलन एके राय के नेतृत्व में प्रारम्भ हुआ। दोनों पार्टियां झारखंड आंदोलन की शुरुआत से अग्रणी कतार में रही हैं। इस एकता से उत्तरी छोटानागपुर और झारखंड में संघर्षशील जनता का मनोबल बढ़ेगा।
झारखंड विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दो वाम पार्टियों के एकीकरण को सियासी नजरिए से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। सीपीआई एमएल फिलहाल ‘इंडिया’ गठबंधन का घटक दल है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव में भी वह गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगी।
झारखंड में फिलहाल बगोदर विधानसभा सीट पर सीपीआई एमएल का कब्जा है, जहां से विनोद सिंह विधायक हैं। हाल में हुए लोकसभा चुनाव में विनोद सिंह कोडरमा लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन के साझा प्रत्याशी थे। वह 4 लाख 14 हजार 643 मत लाकर दूसरे स्थान पर रहे थे।
उधर धनबाद में एमसीसी का अच्छा खासा प्रभाव रहा है। यहां की निरसा सीट से अरूप चटर्जी विधायक रहे हैं। एमसीसी के संस्थापक कॉमरेड एके राय धनबाद सीट से तीन बार सांसद और सिंदरी सीट से तीन बार विधायक रहे थे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





