अन्य

तृणमूल ने बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किये

jantaserishta.com
14 Jun 2024 1:01 PM IST
तृणमूल ने बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किये
x
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर 10 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर उत्तर दिनाजपुर जिले की रायगंज सीट से जीतने वाली कृष्णा कल्याणी को उसी सीट से उम्मीदवार बनाया है। लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने विधानसभा के इस्तीफा दे दिया था और तृणमूल के टिकट पर रायगंज लोकसभा सीट से लड़ी थीं, हालांकि वह हार गईं।
इसी तरह, मुकुट मणि अधिकारी भी नादिया जिले की राणाघाट दक्षिण सीट से भाजपा के टिकट पर विधानसभा के लिए चुने गये थे। वह भी इस्तीफा देकर तृणमूल के टिकट पर राणाघाट लोकसभा सीट से लड़े और हार गये। अब सत्तारूढ़ दल ने उन्हें राणाघाट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने माणिकताल विधानसभा सीट से सुप्ति पांडे को टिकट दिया है। उनके पति साधन पांडे के निधन से यह सीट खाली हुई है, जो तृणमूल कांग्रेस विधायक थे।
असली ट्विस्ट उत्तर 24 परगना जिले के बागढ़ा विधानसभा सीट पर देखने को मिला है। यहां से भाजपा के टिकट पर जीते बिश्वजीत दास विधायकी से इस्तीफा देकर तृणमूल के टिकट पर बनगांव लोकसभा सीट से खड़े हुए थे। वह भी हार गये। लेकिन, तृणमूल ने उन्हें दोबारा बागढ़ा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाने की बजाय उपचुनाव में मधुपर्णा ठाकुर को टिकट दिया है, जो पार्टी की राज्यसभा सांसद ममता बाला ठाकुर की बेटी हैं। वह बनगांव से दो बार के लोकसभा सांसद और केंद्र में मौजूदा पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर की करीबी रिश्ते में बहन हैं।
हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव के विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े देखें तो चार में से तीन सीटों रायगंज, बागढ़ा और राणाघाट पर भाजपा को बढ़त है जबकि तृणमूल कांग्रेस माणिकताल में आगे है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story