अन्य

यह बजट आम लोगों के लिए नहीं, भाजपा को चंदा देने वालों के लिए है : टीएमसी सांसद पार्थ भौमिक

jantaserishta.com
3 Feb 2025 8:47 AM IST
यह बजट आम लोगों के लिए नहीं, भाजपा को चंदा देने वालों के लिए है : टीएमसी सांसद पार्थ भौमिक
x
नैहाटी: पश्चिम बंगाल के बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद पार्थ भौमिक ने केंद्रीय बजट 2025 पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम लोगों के लिए नहीं है, बल्कि उन लोगों के लिए है जो भाजपा को चंदा देते हैं।
सांसद पार्थ भौमिक ने रविवार को आईएएनएस से बात करते हुए बजट की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह बजट आम आदमी के लिए नहीं है। यह उन लोगों के लिए है जो भाजपा को फंडिंग करते हैं और उनकी राजनीतिक धारा को समर्थन देते हैं। इस बजट में आम लोगों की जरूरतों और आवश्यकताओं को नजरअंदाज किया गया है। बजट में हर क्षेत्र में कटौती की गई है, चाहे वह सामाजिक गतिविधियां हों, शिक्षा का क्षेत्र हो या अन्य कोई क्षेत्र। शिक्षा क्षेत्र के लिए पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में कम राशि आवंटित की गई है, जो देश के भविष्य के लिए चिंताजनक है।
इसके अलावा, भौमिक ने बीमा क्षेत्र को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बीमा क्षेत्र के लिए बुरी खबर आई है। अब विदेशी बीमा कंपनियों का भारत में स्वागत किया जा रहा है। यह आम जनता के लिए चिंता का विषय है, खासकर एलआईसी के भविष्य को लेकर, लोग यह सोच रहे हैं कि आने वाले दिनों में एलआईसी का अस्तित्व रहेगा या नहीं।
उन्होंने आगे कहा कि इस बजट से न केवल पश्चिम बंगाल, बल्कि पूरे देश को कुछ भी नहीं मिला है। यह बजट सिर्फ झूठे वादों और झूठी कहानियों से भरा हुआ है। आम आदमी की हालत और भी बदतर हो जाएगी। यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला है।
बता दें कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को लोकसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में टैक्स, किसान, महिला, एमएसएमई और शिक्षा के क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। बजट में ऐलान किया है कि अब 12 लाख तक की कमाई पर कोई टैक्स नहीं देना होगा।
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि हमारा फोकस 'ज्ञान' (जीवाईएएन) यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति पर है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, मैन्युफैक्चरिंग और मेकिंग इंडिया, कृषि क्षेत्र, रोजगार और इनोवेशन पर हमारा ध्यान केंद्रित है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story