अन्य
पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मनु भाकर के परिवार में खुशी का माहौल
jantaserishta.com
28 July 2024 6:03 PM IST

x
फरीदाबाद: भारत की महिला निशानेबाज मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए पहला मेडल जीता है। इसको लेकर मनु भाकर के परिवार के सदस्यों में खुशी का माहौल है।
मनु भाकर देश की पहली ऐसी महिला निशानेबाज हैं, जिन्होंने भारत के लिए ओलंपिक में पदक जीता है। पेरिस ओलंपिक 2024 में उनके द्वारा मेडल जीतने से परिवार में खुशी का माहौल है। मनु भाकर की मां ने बताया, मेरी सोसाइटी में सभी लोगों ने इकट्ठे होकर मनु के मैच को देखा है। आज बहुत बड़ा दिन है, बेटी ने बहुत अच्छा खेल दिखाया, सभी की मेहनत रंग लाई। आज पूरी देश-दुनिया उसको देख रही है। अभी वह शूटिंग में और भी इवेंट में हिस्सा लेगी, इसके बाद जब वह देश आएगी, तो मैंने उसके स्वागत का खास प्लान बना रखा है।
उन्होने आगे बताया कि मनु ने टोक्यो ओलंपिक के बाद से बहुत मेहनत की है। इस मेहनत को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। 2018 के बाद से हमारे पास रिश्तेदारों के यहां जाने का भी वक्त नहीं मिला। इस बात से रिश्तेदार नाराज हैं, लेकिन अब मैं सबको मना लूंगी और सबसे मिलूंगी। मनु बचपन में अन्य खेल भी खेलती थी, वह बहुत अच्छी स्केटिंग करती थी। मनु के पिता ने शूटिंग में बेहतर करने का सुझाव दिया था।
मनु भाकर के पिता ने कहा कि, मनु की जीत पर पूरे देशवासियों को धन्यवाद कहूंगा, क्योंकि उन्होंने आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी और कठिन समय में भी साथ दिया। फेडरेशन ने भी बहुत साथ दिया। उसकी मां को विशेष तौर पर धन्यवाद कहूंगा, वह हमेशा मनोबल बढ़ाने का काम करती रही हैं।
भारत की महिला निशानेबाज मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 के 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम ऊंचा किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनेताओं ने उनको बधाई दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, मनु भाकर को 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक में देश के लिए पहला पदक हासिल करने पर बहुत बधाई। वह शूटिंग में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। मनु भाकर पर सारा देश गर्व कर रहा है। उनकी इस उपलब्धि से कई खिलाड़ियों, खासकर महिला खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। भविष्य में उनके और भी ऊंचाइयां छूने की कामना करती हूं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए मनु भाकर को बधाई दी, यह एक ऐतिहासिक मेडल है। मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला मेडल जीतने पर बधाई। उन्होंने कांस्य पदक जीता। वह भारत के लिए शूटिंग में मेडल जीतने वाली पहली महिला हैं, इससे यह सफलता और खास बन जाती है। यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





