अन्य
बोमन ईरानी की सफलता में उनके जीवन की घटनाओं का रहा अहम योगदान, जानें क्या बोले?
jantaserishta.com
23 Sept 2024 8:47 AM IST

x
मुंबई: बॉलीवुड एक्टर बोमन ईरानी के निर्देशन में बनी फीचर फिल्म ‘द मेहता बॉयज’ जमकर तारीफें बटोर रही है। शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल में ‘द मेहता बॉयज’ को स्टैंडिंग ओवेशन मिला है।
‘द मेहता बॉयज’ को मिल रही तारीफों के बीच बोमन ईरानी ने अपने जीवन से जुड़ी घटनाओं के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि कैसे उनके जीवन की हर एक घटना ने उन्हें एक अच्छे अभिनेता बनने में योगदान दिया है।
दरअसल, अभिनेता बोमन ईरानी ने अपने करियर के दौरान वेटर, फोटोग्राफर और वेफर शॉप में भी काम किया। इसके बाद उन्होंने एक सफल अभिनेता के तौर पर इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई।
बोमन ईरानी ने कहा, "मैं कहना चाहूंगा कि देर आए मगर दुरुस्त आए। मैं वास्तव में ऐसा मानता हूं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं अपनी समय सीमा या अपने करियर को उसी तरह से चला रहा हूं, जैसा हर कोई सोचता है।"
उन्होंने आगे कहा, "मेरे करियर का हर एक पल, जब मैंने एक वेटर के रूप में काम किया या 14 साल तक अपने परिवार की शॉप में काम किया हो या फिर अपने बच्चों की परवरिश करना हो। उसके बाद ही मैंने थिएटर का रूख किया और करीब 14 साल तक फोटोग्राफी की, तब जाकर मैंने फिल्मों में अभिनय करना शुरू किया।"
बोमन ईरानी ने बताया कि एक्टर बनने से पहले उन्होंने जो कुछ भी किया वह उनके जीवन में काम आया है।
उन्होंने आगे कहा, "कई मायनों में, मैं खुद को इस खेल में इतनी देर से आने के लिए सांत्वना दे रहा हूं, लेकिन मैं यह कहूंगा कि मैंने जो कुछ भी किया है। चाहे वह एक वेटर के तौर पर हो या दुकान पर बैठना हो। मैंने इन सभी घटनाओं से सिनेमा के बारे में सीखा। दुकान पर बैठकर मैंने हर एक दिन, हर उस कैरेक्टर के बारे में नोट किया, जो मेरे दिल को भाता था।"
उन्होंने कहा, "फोटोग्राफी के दौरान मेरे द्वारा ली गई तस्वीरों ने कहानियों को बताने के लिए प्रेरित किया, जबकि थिएटर ने मुझे नाटक का अनुशासन सिखाया। जो चीज मुझे वास्तव में सीखने की जरूरत थी, वह था लिखना। सिर्फ इसलिए कि मैं 25-35 साल से एक्टिंग कर रहा हूं, इसका मतलब यह नहीं है कि मैं एक लेखक के रूप में या एक निर्देशक के रूप में योग्य हूं। आप सभी को अपना बकाया चुकाना पड़ता है और मुझे लगता है कि मैंने अपना बकाया चुका दिया है।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





