अन्य
खालिस्तानी चरमपंथी के खिलाफ बोलना पड़ा भारी, कनाडाई सांसद चंद्र आर्य को चुनाव लड़ने से रोका
jantaserishta.com
28 March 2025 8:23 AM IST

x
ओटावा: कनाडा की लिबरल पार्टी के तीन बार सांसद रह चुके चंद्र आर्य को आगामी फेडरल चुनावों में पार्टी ने टिकट नहीं दिया है। यह कदम भारत से जुड़े कथित विदेशी हस्तक्षेप के आरोपों के चलते उठाया गया है। हालांकि, भारतीय मूल के हिंदू नेता का कहना है कि उन्हें टिकट इसलिए नहीं मिला है, क्योंकि उन्होंने कनाडा में बढ़ते खालिस्तानी चरमपंथ के प्रभाव के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई थी।
चंद्र आर्य लंबे समय से पूर्व कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की आलोचना करते रहे हैं। उनका मानना है कि ट्रूडो सरकार ने कनाडा में खालिस्तानी चरमपंथियों को शरण दी, जिससे भारत-कनाडा संबंधों में तनाव बढ़ा।
टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने कहा, "सांसद के रूप में, मैंने कनाडा और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई राजनयिकों और सरकार के प्रमुखों से मुलाकात की। कभी भी मुझसे इसकी अनुमति लेने के लिए नहीं कहा गया, न ही इसकी जरूरत पड़ी। जस्टिन ट्रूडो या किसी मंत्री ने मेरी बैठकों या बयानों पर कोई आपत्ति नहीं जताई। लिबरल पार्टी का एकमात्र विवादास्पद मुद्दा मेरे हिंदू-कनाडाई समुदाय के प्रति समर्थन और खालिस्तानी चरमपंथ के खिलाफ मेरी स्पष्ट राय है।"
कनाडा के प्रतिष्ठित अखबार 'द ग्लोब एंड मेल' के अनुसार, चंद्र आर्य ने पिछले साल अगस्त में नई दिल्ली में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। आरोप है कि उन्होंने इस यात्रा की जानकारी कनाडा सरकार को नहीं दी, जबकि उस समय भारत-कनाडा संबंधों में कड़वाहट चरम पर थी।
लिबरल पार्टी ने आर्य के चुनाव लड़ने पर रोक लगाने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है। हालांकि, एक पार्टी सूत्र ने बताया कि कनाडा की खुफिया एजेंसी ने सरकार को आर्य के भारत सरकार और ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग से करीबी संबंधों की जानकारी दी थी। यही कारण है कि लिबरल पार्टी ने उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया।
पिछले साल दिसंबर में चंद्र आर्य ने हाउस ऑफ कॉमन्स में खुलासा किया था कि जब उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों को 'नरसंहार' कहने के प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया, तो उनके ही दल के सांसद सुख धालीवाल ने उन्हें धमकी दी। एक अन्य सांसद ने उनके फैसले पर सवाल उठाए।
आर्य ने कहा था, "एक सांसद के रूप में मुझे अपने विचार स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने की अनुमति होनी चाहिए। मैं अपने ही सहयोगियों से धमकी नहीं झेल सकता।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





