अन्य

झारखंड के हेमंत राज में माटी, बेटी, रोटी, कुछ भी सुरक्षित नहीं : शिवराज सिंह चौहान

jantaserishta.com
25 Sept 2024 8:55 AM IST
झारखंड के हेमंत राज में माटी, बेटी, रोटी, कुछ भी सुरक्षित नहीं : शिवराज सिंह चौहान
x
गोड्डा: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय जनता पार्टी की ‘परिवर्तन यात्रा' के दौरान मंगलवार को गोड्डा के गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि झारखंड में गठबंधन की बेईमान सरकार चल रही है। जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने पांच सालों में राज्य को तबाह कर दिया। हेमंत सरकार में माटी, बेटी और रोटी सुरक्षित नहीं है। बड़ी संख्या में घुसपैठियों के आने से झारखंड की जमीन पर कब्जा हो रहा है, क्या झारखंडी इसे सहन करेंगे? हेमंत सरकार वोटों के लालच में घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करवा रही है। अगर यह सिलसिला इसी तरह चलता रहा तो 15-20 सालों में झारखंडी अपनी जमीन से बेदखल हो जाएंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले झारखंड में 44 प्रतिशत आदिवासी थे, अब केवल 28 प्रतिशत बचे हैं। बांग्लादेशी घुसपैठिए छल-कपट से यहां की बेटियों से शादी कर सत्ता पर काबिज हो रहे हैं। रुबिका पहाड़िन जैसी बेटियों को बर्बरता से मारा जा रहा है। क्या इससे झारखंडियों का खून नहीं खौलता? भाजपा का संकल्प है कि झारखंड की माटी, बेटी और रोटी की सुरक्षा की जाए।
उन्होंने 2019 में हेमंत सोरेन की ओर से राज्य के युवाओं को हर साल 5 लाख सरकारी नौकरी देने के वादे का जिक्र करते हुए सवाल पूछा कि क्या झारखंड के युवाओं को नौकरी मिली? सच तो यह है कि इस सरकार ने युवाओं को नौकरी और वर्दी के बजाय कफन दिया। परीक्षा के नाम पर इंटरनेट बंद करके पेपर लीक नहीं होने देने का दावा किया, जबकि लीक तो सरकार के दलाल कर रहे थे।
कृषि मंत्री ने वादा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही 2.87 लाख खाली पदों को भरने का आदेश दिया जाएगा। परीक्षाओं का कैलेंडर बनाएंगे और यहां के युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे।
झारखंड सरकार की मंईयां सम्मान योजना को चुनावी स्टंट बताते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही उन्हें मंईयां की याद आई है, लेकिन यहां की माताएं-बहनें भूली नहीं हैं कि उन्होंने तो हर महीने दो हजार रुपये चूल्हा खर्च देने का वादा किया था। 4 साल 10 महीने बाद भी किसी को कुछ नहीं मिला। भाजपा की सरकार बनने पर बहनों के बैंक खाते में दोगुना पैसा जायेगा, और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा, जैसा कि मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 'लाडली योजना' के तहत किया जा रहा है।
उन्होंने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर ओडिशा की तर्ज पर झारखंड में भी 3 हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। पीएम मोदी ने हर बहन को लखपति बनाने का संकल्प लिया है और हमारी सरकार बहनों की आमदनी 1 लाख रुपये से ज्यादा करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story