अन्य
बोकारो से चार माह पूर्व लापता युवक का कंकाल जंगल से बरामद, कपड़े से हुई शिनाख्त
jantaserishta.com
1 April 2025 8:28 AM IST

x
बोकारो: झारखंड के बोकारो जिला अंतर्गत पेटरवार थाना क्षेत्र से चार माह पूर्व लापता हुए 20 वर्षीय दीपक कुमार का कंकाल सोमवार को इसी थाना क्षेत्र के बगजोबरा जंगल से बरामद किया गया। युवक के कपड़े और हाथ में बंधे मौली धागे के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई।
पुलिस ने कंकाल को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। दीपक मूल रूप से हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अचलजामो गांव का रहने वाला था और पिछले दो-तीन वर्षों से वह पेटरवार थाना क्षेत्र के बगजोबरा स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह 11 दिसंबर को अचानक लापता हो गया था।
परिजनों ने सभी संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसे लेकर पेटरवार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। लोगों ने इलाके के विधायक और झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के अलावा जिले के आला पुलिस अफसरों से उसकी बरामदगी की गुहार लगाई थी।
सोमवार को बगजोबरा गांव के कुछ लोग जब जंगल गए तो उन्होंने झाड़ी के पास एक कंकाल देखा। इसकी जानकारी उन्होंने ग्रामीणों को दी। इसके बाद दीपक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कंकाल में बदल चुके शव के कपड़ों और मौली धागा (पूजा का धागा) के आधार पर उसकी पहचान की। बाद में पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई तो वह मौके पर पहुंची।
परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या कर शव को जंगल में ठिकाने लगाया गया है। उन्होंने इस मामले की गहराई से तहकीकात कर हत्यारों का पता लगाने और गिरफ्तार करने की मांग की है।
दीपक की मौत की खबर से बगजोबरा सहित आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





