अन्य

संभल के सपा सांसद को बिजली चोरी मामले में सात मार्च तक राहत

jantaserishta.com
23 Feb 2025 8:41 AM IST
संभल के सपा सांसद को बिजली चोरी मामले में सात मार्च तक राहत
x
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जियाउर्रहमान बर्क को बिजली चोरी मामले में मोहलत मिली है। अब उन्हें सात मार्च को उपस्थित होकर अपने साक्ष्य उपलब्ध कराने होंगे।
अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग नवीन गौतम ने बताया कि सपा सांसद को साक्ष्‍य उपलब्‍ध कराने के ल‍िए सात फरवरी तक तिथि तय थी। लेकिन, उन्होंने आगे की तिथि मांगी, जिसे बढ़ाकर 7 मार्च कर द‍िया गया है। अब उन्हें 7 मार्च को उपस्थित होना है। अगर वह साक्ष्य उपलब्ध कराते हैं, तो उस पर समीक्षा होगी। अगर उपस्थित नहीं होते, तो चार्ज बना होगा, उसी पर अमल होगा।
17 दिसंबर 2024 को संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के दीपा सराय स्थित आवास पर बिजली विभाग की टीम ने स्मार्ट मीटर लगाया था, जबकि 19 दिसंबर को बिजली विभाग ने उनके घर का बिजली लोड चेक किया था, इस पर बिजली विभाग ने पाया कि सपा सांसद के घर पर चार किलोवाट के कनेक्शन पर 16 किलोवाट से अधिक का लोड है।
सांसद के मीटर की एमआरआई रिपोर्ट में बिजली का बिल शून्य दिखाई दिया। इस मामले में बिजली विभाग की ओर से सपा सांसद पर बिजली चोरी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई। साथ ही उन पर जुर्माना भी लगाया गया।
इसके जवाब में सपा सांसद की ओर से कहा गया कि उनके घर पर सोलर पैनल लगा हुआ है, इसके कारण उनके घर बिजली की खपत कम है, लेकिन सपा सांसद के जवाब को बिजली विभाग ने संतोषजनक नहीं माना।
बिजली विभाग की ओर से सांसद को नोटिस दिया गया है। संभल इलाके में बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग ने उसी दौरान वहां छापेमारी की थी, इसमें बड़ी संख्या में अवैध बिजली के कनेक्शन पकड़े गए थे। इस दौरान एक मकान की छत से कई घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई थी। विभाग ने बड़े स्तर पर कार्रवाई भी की थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story