अन्य
मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन की धूम, बाबा महाकाल को बांधी गई वैदिक राखी
jantaserishta.com
19 Aug 2024 10:39 AM IST

x
भोपाल: मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी है और अपने आराध्य को श्रद्धालु राखी अर्पित कर रहे हैं। इसी तरह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी भस्म आरती के समय बाबा महाकाल को वैदिक राखी बांधी गई।
राज्य में सावन मास के सोमवार को रक्षाबंधन होने के कारण शिव मंदिरों से लेकर अन्य मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। हर भक्त जहां अपने आराध्य को राखी अर्पित कर रहा है, वहीं सुखमय जीवन की मंगल कामना भी कर रहा है। मंदिरों में विशेष आयोजन हो रहे हैं और मंदिर के पंडित पुजारी भक्तों की कलाई में राखी बांध रहे हैं।
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के समय पुजारी ने वैदिक राखी बांधी। मंदिर के पुजारी पंडित आशीष के अनुसार, बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया और उन्हें वैदिक राखी बांधी गई। यह वैदिक राखी 7 दिनों में बनकर तैयार होती है। शास्त्रों के अनुसार, इस राखी को तुलसी के पत्र से लेकर बिल्व पत्र, लौंग, इलायची से बनाकर तैयार किया जाता है और वह रक्षा सूत्र के माध्यम से बांधी जाती है जिससे विश्व का कल्याण हो, भारत की रक्षा हो। इस राखी को पुजारी परिवार की महिलाओं द्वारा तैयार किया जाता है।
आज भस्मारती के पहले ही ढाई बजे से पट खोल दिए गए और बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। इस मौके पर बाबा महाकाल को बेसन और शुद्ध घी से बने सवा लाख लड्डुओं का भोग लगाया गया। यहां आने वाले भक्तों की रविवार रात से ही कतारें लगनी शुरू हो गई थी और हर कोई भस्म आरती के समय मौजूद रहकर बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए लालायित था।
सावन मास का पांचवा सोमवार है और महाकाल दर्शन करने वाले श्रद्धालु लाखों की तादाद में यहां पहुंचे हैं। सोमवार की शाम को बाबा महाकाल की सवारी निकलेगी।
परंपरा के अनुसार, सावन के हर सोमवार को बाबा महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं। इस बार बाबा महाकाल की सावन-भादो मास में कुल सात सवारियां निकाली थी, जिनमें से आज सोमवार को पांचवी सवारी निकलेगी। इसके बाद भादो मास में छठी सवारी 26 अगस्त और आखिरी तथा शाही सवारी 2 सितंबर को निकलेगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





