अन्य

बीपीएससी 70 वीं पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर

jantaserishta.com
3 Jan 2025 8:42 AM IST
बीपीएससी 70 वीं पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर
x
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा 13 दिसंबर को ली गई 70वीं बीपीएससी पीटी परीक्षा के दौरान पटना के एक परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द किए जाने के बाद चार जनवरी को पटना के 22 परीक्षा केंद्र पर पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी। इधर, सभी केंद्रों की परीक्षा रद्द करने को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर गुरुवार शाम गांधी मैदान में आमरण अनशन पर बैठ गए।
प्रशांत क‍िशोर ने कहा क‍ि उनका आमरण अनशन तब तक जारी रहेगा जब तक बीपीएससी अभ्यर्थियों की मांग पूरी नहीं हो जाती। दरअसल, बड़ी संख्या में बीपीएससी के अभ्यर्थी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर कई दिनों से धरना पर बैठे हुए हैं। इस दौरान अभ्यर्थियों का दल अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल और मुख्य सचिव से भी मिल चुका है।
गुरुवार शाम बीपीएससी अभ्यर्थियों का हुजूम एक बार फिर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान पहुंचा। जहां अभ्यर्थियों के साथ जनसुराज के प्रशांत किशोर बापू की प्रतिमा के पास आमरण अनशन पर बैठ गए। इनकी प्रमुख मांग है कि पूरी परीक्षा रद्द हो और फिर से परीक्षा ली जाए। ये लोग सरकार और बीपीएससी के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं।
इससे पहले प्रशांत किशोर रविवार को इन अभ्यर्थियों के साथ गांधी मैदान में छात्र संसद करने भी पहुंचे थे। लेकिन शाम होते ही पटना के जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ अभ्यर्थी सीएम आवास की ओर बढ़ने की कोशिश करने लगे। इसके बाद अभ्यर्थियों पर पुलिस ने पहले वाटर कैनन से पानी बौछार की, लेकिन छात्र हटने को तैयार नहीं थे तब पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 13 दिसंबर को आयोजित संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में प्रदेश की राजधानी पटना के बापू भवन परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र लीक होने की अफवाह फैल गई थी। इसके बाद सैकड़ों उम्मीदवारों ने विरोध दर्ज कराने के लिए परीक्षा का बहिष्कार भी किया था। बीपीएससी ने बापू परीक्षा परिसर में फिर से परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया। दूसरी तरफ छात्र पूरी परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में धरने पर बैठ गए ।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story