अन्य

पीएम मोदी ने अन्नाद्रमुक के एनडीए में शामिल होने पर खुशी जताई

jantaserishta.com
12 April 2025 8:26 AM IST
पीएम मोदी ने अन्नाद्रमुक के एनडीए में शामिल होने पर खुशी जताई
x
नई दिल्ली: तमिलनाडु की सियासत में शुक्रवार को एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस गठबंधन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एनडीए के बैनर तले अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक), भाजपा और अन्य सहयोगी दल एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्नाद्रमुक के एनडीए में शामिल होने पर खुशी जताई। पीएम मोदी का कहना है कि हम एक ऐसी सरकार सुनिश्चित करेंगे जो महान एमजीआर और जयललिता के सपने को पूरा करे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया, "एक साथ मजबूत बनें, तमिलनाडु की प्रगति के लिए एकजुट हों! मुझे खुशी है कि अन्नाद्रमुक एनडीए परिवार में शामिल हो गई है। अपने अन्य एनडीए सहयोगियों के साथ मिलकर हम तमिलनाडु को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और राज्य की पूरी लगन से सेवा करेंगे। हम एक ऐसी सरकार सुनिश्चित करेंगे जो महान एमजीआर और जयललिता के सपने को पूरा करे।"
उन्होंने आगे कहा, "तमिलनाडु की प्रगति और तमिल संस्कृति की विशिष्टता को बनाए रखने के लिए यह महत्वपूर्ण है कि भ्रष्ट और विभाजनकारी डीएमके (द्रमुक) को जल्द से जल्द हटाना जरूरी है, जो हमारा गठबंधन करेगा।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि आज अन्नाद्रमुक और भाजपा के नेताओं ने मिलकर तय किया है कि आने वाला तमिलनाडु विधानसभा चुनाव अन्नाद्रमुक, भाजपा और सभी साथी दल मिलकर एनडीए के रूप में एक साथ लड़ेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ये चुनाव दो स्तरों पर लड़ा जाएगा, राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और राज्य स्तर पर अन्नाद्रमुक नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी के नेतृत्व में।
एआईएडीएमके और भाजपा के पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा था, "अन्नाद्रमुक 1998 से एनडीए गठबंधन का हिस्सा रही है। महान जयललिता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंबे समय तक राष्ट्रीय राजनीति में मिलकर कार्य किया है। यह गठबंधन सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि विश्वास और विकास का गठबंधन है। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में जो चुनाव होने वाला है, उसमें एनडीए फिर से प्रचंड बहुमत हासिल करेगा और तमिलनाडु में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story