अन्य

कांग्रेस-भाजपा को दिल्ली की जनता नकार चुकी है : दीपक सिंगला

jantaserishta.com
27 Jan 2025 8:53 AM IST
कांग्रेस-भाजपा को दिल्ली की जनता नकार चुकी है : दीपक सिंगला
x
नई दिल्ली: विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दीपक सिंगला ने कांग्रेस और भाजपा पर तंज कसते हुए रविवार को दावा किया कि जनता उन्हें नकार चुकी है और राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर आप की सरकार बनेगी।
दीपक सिंगला ने कहा, "कांग्रेस-भाजपा को दिल्ली की जनता नकार चुकी है। इस बार दिल्ली की जनता ने मन बना लिया है कि केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाना है।"
उन्होंने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि आज देश धूमधाम से गणतंत्र दिवस मना रहा है। लेकिन, दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। आठ-दस साल में दिल्ली की कानून-व्यवस्था दिन पर दिन खराब होती जा रही है। भाजपा के लोग अरविंद केजरीवाल को गालियां तो खूब देते हैं, लेकिन दिल्ली की कानून-व्यवस्था को संभालने में वे नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था इतनी खराब हो चुकी है कि सड़कों पर महिलाएं चलने से डरती हैं।
विश्वास नगर के बारे में आप प्रत्याशी ने कहा कि यहां के स्थानीय विधायक लोगों के बीच में नहीं आते हैं। पिछले 12 साल से इस विधानसभा में काम नहीं किया गया है। यहां की जनता बदलाव चाहती है। यहां बदलाव होने जा रहा है। विश्वास नगर की सीट आम आदमी पार्टी के खाते में जाएगी।
बता दें कि इस सीट पर भाजपा के प्रत्याशी ओम प्रकाश शर्मा साल 2013, 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीन बार जीत चुके हैं। साल 2020 के चुनाव में उन्हें 65,830 वोट मिले थे। वहीं, आप के प्रत्याशी दीपक सिंगला को 49,373 वोट मिले और तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के प्रत्याशी गुरु चरण सिंह राजू को 7,881 वोट मिले। इससे पहले 2015 के चुनाव में ओम प्रकाश शर्मा को 58,124 और आप के डॉ. अतुल गुप्ता को 47,966 वोट मिले थे।
कांग्रेस से नसीब सिंह तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 20,634 वोट मिले। साल 2013 में भाजपा प्रत्याशी ओम प्रकाश शर्मा जीते उन्हें 44,801 वोट मिले। कांग्रेस के नसीब सिंह को 37,002 वोट मिले, जबकि तीसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे। डॉ. अतुल गुप्ता को 30,388 वोट मिले।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर एक साथ मतदान होगा। वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story