अन्य
दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार : राघव चड्ढा
jantaserishta.com
29 Jan 2025 2:52 AM GMT
![दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार : राघव चड्ढा दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार : राघव चड्ढा](https://jantaserishta.com/h-upload/2025/01/29/4345525-untitled-10-copy.webp)
x
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने मंगलवार को गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राघव चड्ढा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र से हजारों लोग आज अरविंद केजरीवाल को आशीर्वाद देने और स्थानीय आप उम्मीदवार नवीन चौधरी का समर्थन करने आए हैं। यह अपार प्यार और समर्थन दिखाता है कि दिल्ली अरविंद केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि गांधी नगर विधानसभा सीट से नवीन चौधरी की जीत पक्की है क्योंकि उन्होंने यहां पर विकास के तमाम काम किए हैं। जनता के सुख-दुख में वे उनके साथ खड़े नजर आए। हम यहां की जनता से अपील करते हैं कि नवीन चौधरी को भारी मतों से चुनाव जिताकर विधानसभा में भेजने का काम करें।
आप उम्मीदवार नवीन चौधरी ने कहा कि हमारे विधानसभा क्षेत्र में हर रोज रैली और पदयात्रा निकाली जा रही है। आज राघव चड्ढा ने हमारे समर्थन में रोड शो किया। हमें भरोसा है कि विधानसभा चुनाव में जनता का हमें समर्थन और सहयोग मिलेगा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ तमाम क्षेत्रीय दलों के नेताओं ने आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया है। कुछ दिनों बाद सपा की सांसद इकरा हसन हमारे क्षेत्र में आने वाली हैं। वह इस दौरान जनसभा को संबोधित करेंगी और जनता से हमें जिताने की अपील करेंगी। जिन पार्टियों ने हम लोगों का समर्थन किया है, उसके लिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को एक चरण में चुनाव होगा और नतीजे की घोषणा 8 फरवरी को होगी।
![jantaserishta.com jantaserishta.com](https://jantaserishta.com/h-upload/2023/10/01/3486223--iilvifj400x400.webp)
jantaserishta.com
Next Story