अन्य

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री का पद छोड़ने के फैसले से जनता दुखी: रामकृपाल यादव

jantaserishta.com
14 April 2026 11:35 AM IST
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री का पद छोड़ने के फैसले से जनता दुखी: रामकृपाल यादव
x
पटना: बिहार के नए मुख्यमंत्री का ऐलान जल्द हो सकता है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को इस पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। इस पूरे मामले पर मंत्री रामकृपाल यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मंगलवार दोपहर में पार्टी की अहम बैठक होने वाली है, जिसमें विधायक दल के सदस्य शामिल होंगे और उसी बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। खास बात यह है कि इस बैठक में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे।
रामकृपाल यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद वे संभवतः आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और फिर नया नेता चुना जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार का बिहार के विकास में बहुत बड़ा योगदान रहा है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बिहार को अंधकार में माना जाता था लेकिन नीतीश कुमार ने अपने नेतृत्व में राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया। यही वजह है कि आज भी लोग उन्हें काफी पसंद करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ते हैं तो लोगों को दुख जरूर होगा लेकिन यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है, जिस पर ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में काम शुरू हो चुका है और जल्द ही इसकी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उनके अनुसार, यह सिर्फ आरक्षण नहीं बल्कि एक बड़ा बदलाव है, जो देश में एक नए युग की शुरुआत करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और इससे समाज में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा।
रामकृपाल यादव ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पश्चिम बंगाल दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक बड़े नेता हैं और चुनाव के समय प्रचार के लिए जाना स्वाभाविक है लेकिन पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की स्थिति काफी कमजोर हो चुकी है। अब वहां सीधी टक्कर तृणमूल कांग्रेस व भाजपा के बीच है और कांग्रेस के लिए वहां टिके रहना मुश्किल है।
उन्होंने ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे घबराई हुई हैं और अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख भावनात्मक बातें कर रही हैं। उनके अनुसार, ममता बनर्जी गलत अफवाहें फैला रही हैं और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी हर भाषा, जाति और धर्म का सम्मान करती है और सभी को बराबर अवसर देने में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' की नीति पर काम कर रही है और जनता ने इसी भरोसे के साथ प्रधानमंत्री मोदी को समर्थन दिया है। सरकार बिना किसी भेदभाव के देश के विकास के लिए काम कर रही है और आगे भी यही प्रयास जारी रहेगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story